
शिमला। नगर निगम पुलिस के एएसआई समेत छह पुलिस कर्मियों का तबादला हो गया है। सभी कर्मी पुलिस लाइन कैथू भेजे गए हैं। उप महापौर टिकेंद्र पंवर ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर से इन कर्मियों की शिकायत करते हुए तबादले की मांग की थी। शनिवार देर शाम पुलिस अधीक्षक ने तबादले के आदेश जारी किए। यह सभी कर्मी तीन साल से अधिक समय से एमसी में तैनात थे।
नगर निगम दफ्तर के कर्मियों के तबादले का दौर अभी थम नहीं रहा है। बीते दस दिन के दौरान निगम की विभिन्न शाखाओं में तैनात छह कनिष्ठ अभियंताओं को बदला जा चुका है। वास्तुकार एवं योजनाकार शाखा के सबसे अधिक पांच कनिष्ठ अभियंताओं का तबादला हुआ है। इसके अलावा जल शाखा और बीएंडआर शाखा के एक-एक जेई स्थानांतरित हुए हैं। यह सभी कर्मी लंबे समय ने निगम में टिके हुए थे। इसी कड़ी में शनिवार शाम को निगम पुलिस के एएसआई सरविंद्र रत्न, हेड कांस्टेबल राम लाल और कांस्टेबल सुमिंद्र, निक्कू, गोपाल और सुरेश का तबादला पुलिस लाइन कैथू किया गया है। उप महापौर ने इन पुलिस कर्मियों का तबादला करने की सिफारिश की थी। पुलिस अधीक्षक को भेजे पत्र में उप महापौर ने पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की थी। टिकेंद्र पंवर ने कहा है कि पुलिस कर्मियों की कई शिकायतें मिली हैं। कारोबारियों से लेकर पार्किंग संचालक शिकायतकर्ताओं में शामिल हैं। इन पुलिस कर्मियों को निगम में तैनात हुए लंबा अरसा भी हो गया है। इसलिए इनका तबादला किया जाना जरूरी है। इसी कड़ी में पुलिस कर्मियों के लांग स्टे होने को आधार मानते हुए अधीक्षक ने इनका तबादला किया है। अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि नगर निगम में तैनात सभी पुलिस कर्मी पुलिस लाइन कैथू भेजे गए हैं।
