
नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार की शाम लोकसभा चुनाव जीतने के लिये नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 20 कमेटियों का ऐलान किया। अगर इन कमेटियों को ध्यान से देखें, तो इनमें से कई ऐसी समितियां हैं, जो कांग्रेस को उखाड़ फेंकने में भाजपा के लिये महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इन कमेटियों के बारे में बीजेपी के नेता अनंत कुमार ने आज प्रेस कॉंफ्रेंस में जानकारी दी है।
उन्होंने इस कॉंफ्रेंस में जो घोषणाएं की है उनसे तो यही लगता है कि बीजेपी के सभी नेताओं ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को स्वीकार कर लिया है। पार्टी के दो प्रमुक नेता राजनाथ सिंह और लालकृष्ण आडवाणी के अलावा सभी नेता किसी ना किसी कमेटी में शामिल हैं। आईए आपको बताते है कि बीजेपी ने 2014 के चुनावों के लिए किस तरह से अपनी कमर कसी है और उनकी किस कमेटी में कौन कौन शामिल है…
आईए पहले बात करते है चुनावों में बीजेपी का नेतृत्व करने वाले गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की टीम की। मोदी की टीम में उनके साथ बीजेपी के तीन मुख्यमंत्री शामिल हैं। ये मुख्यमंत्री है शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह और मनोहर पर्रिकर। ये तीनो ही मोदी की टीम की हिस्सा होंगे। भाजपा संसदीय बोर्ड ने राजनाथ और मोदी को आगामी लोकसभा चुनावों के लिए विभिन्न पहलुओं को देखने वाली समितियों के गठन के लिए अधिकृत किया था। दोनों नेताओं ने समितियों का गठन कर इसमें सदस्यों को नामित किया।
अब बात की जाए पार्टी की प्रचार एवं प्रसिद्धि समिति’ की तो इस समिती में पार्टी के जाने माने नेता शामिल है। इसके सदस्यों में सुषमा स्वराज, अरुण जेटली के साथ अमित शाह और सुधांशु त्रिवेदी शामिल हैं।
बीजेपी चुनावों के लिए किसी तरह की कोई खामी नहीं छोड़ना चाहती। इसी के चलते उन्होंने चुनावों के लिए देश भर में पार्टी नेताओं की रैलियां आदि आयोजित करने के लिए ‘रैली समिति’ का गठन किया गया है। पार्टी ने इस काम के लिए अनंत कुमार और वरुण गांधी को सदस्य के रूप में चुना है।
बीजेपी ने एक अन्य महत्वपूर्ण समिति का गठन किया है जिसका काम ‘घोषणापत्र’ तैयार करने का होगा। इस समिति का अध्यक्ष पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी को बनाया गया है। उनके अलावा इस समिति में जसवंत सिंह, यशवंत सिन्हा, प्रेम कुमार धूमल, सुशील कुमार मोदी, जुएल उराव, विजय कुमार मल्होत्रा, लक्ष्मीकांत चावला, सत्यपाल मलिक, बंडारू दत्तात्रेय, विजया चक्रवर्ती, सत्यनारायण जटिया, शाहनवाज हुसैन, महेश चंद्र शर्मा, कंचन गुप्ता और षणमुखनाथन बतौर सदस्य शामिल हैं।
चुनाव आयोग और कानून संबंधी मामलों को देखने के लिए बनायी गयी समिति में सतपाल जैन, भूपेन्द्र यादव, रामकृष्ण और पिंकी आनंद शामिल हैं।
बीजेपी ने अपने पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी को भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें विजन डॉक्यूमेंट कमिटी का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके इस काम में उनका सहयाग देंगें पूर्व क्रिकेटर और सांसद नवजोत सिंह सिद्धू। सिद्धू के अलावा जो सदस्य इस समिति नें शामिल हैं उनके नाम हैं ओम प्रकाश कोहली, विनय सहस्त्रबुद्धे और हरी बाबू। पार्टी नें गड़करी और सिद्धू को एक और जिम्मेदारी सौंपी है जिसके अनुसार गडकरी और सिद्धू को दिल्ली विधानसभा चुनाव के काम-काज भी देखना होगा।
बीजेपी ने ‘संसदीय सम्मेलन समिति’ भी बनाई है जिसका काम देश भर में हर बूथ के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन आयोजित करना होगा। इस समिति में सदस्य के रूप में थावरचंद गहलौत, जे पी नडडा, पुरूषोत्तम रूपाला, विनोद पांडे और एल गणेशन शामिल हैं।
बीजेपी ने नए मतदाताओं को मध्यनज़र रखते हुए और उनको आकर्षित करने के लिए नव मतदाता अभियान समिति की घोषणा की है जिसके सदस्य के तौर पर अमित शाह, नवजोत सिंह सिद्धू, त्रिवेन्द्र रावत और पूनम महाजन को चुना गया है।
अनंत कुमार ने बताया कि बुनकर, श्रमिकों, किसानों आदि वर्गों’ के सम्मेलन करने के लिए ‘वर्गवार सम्मेलन समिति’ का गठन किया गया है, जिसे मुरलीधर राव, विनय कटियार, श्याम जाजू, कृष्ण दास, लुइस मरांडी, विजय सोनकर शास्त्री और महेन्द्र पांडे देखेंगे।
चुनाव के दौरान नेताओं के कार्यक्रम और आने जाने की व्यवस्था देखने के लिए ‘कार्यक्रम और यातायात समिति’ का गठन किया गया है, जिसे मुख्तार अब्बास नकवी, अनिल जैन और अरूण सिंह देखेंगे।
बीजेपी ने अपनी बात लोगों तक लोकगीत, लोक नाटक और नुक्कड नाटकों के जरिए पहुंचाने के लिए पारंपरिक अभियान समिति की घोषणा की है। इसके सदस्यों के तौर पर स्मृति ईरानी, कैप्टन अभिमन्यु और वाणी त्रिपाठी को चुना है जो कि इस समिति का पूरा काम काज देखेंगे।
जन प्रचार विशेष समिति’ को दो भागों में बांटा गया है। रैलियां, संसदीय सम्मेलन, बुद्धिजीवी सम्मेलन आदि विभागों का मार्गदर्शन वेंकैया नायडू करेंगे और दृष्टिपत्र, वर्गवार विशेष संपर्क और नये मतदाता अभियान का मार्गदर्शन गडकरी करेंगे।
बीजेपी ने इस बार अपनी पार्टी के प्रचार के लिए हर वर्ग को इस अहम स्थान दिया है और इसी के चलते बीजेपी ने डाक्टरों, इंजीनियरों, चार्टर्ड एकाउण्टेंट और विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों को पार्टी से जोड़ने के लिए ‘बुद्धिजीवी सम्मेलन एवं भाजपा के मित्र’ समिति का गठन किया गया है। बीजेपी ने इस समिति के सदस्य राजीव प्रताप रूडी, प्रकाश जावडेकर और तमिल ईसाई को चुना है।
अनंत कुमार ने बताया कि शहरों और ग्रामीण इलाकों के चार-चार, पांच-पांच मतदान केन्द्रों को एकजुट कर उनमें समन्वय स्थापित करने के लिए ‘चुनाव संगठन समिति’ का गठन किया गया है. इसमें रामलाल, वी सतीश और सौदान सिंह हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रवादी संगठनों से जुडे लोगों, असंगठित मजदूरों और अन्य संगठनों से संबंधित मतदाताओं से संपर्क साधने के लिए ‘विशेष संपर्क अभियान’ समिति बनायी है, जिसमें गडकरी, उमा भारती, सी पी ठाकुर, जे के जैन, मृदुला सिन्हा, कलराज मिश्र और किरण महेश्वरी शामिल हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों पर विशेष ध्यान देने के लिए ‘पूर्वोत्तर अभियान समिति’ बनायी गयी है, जिसमें एस एस अहलूवालिया, तापिर गाव, पदमनाभ आचार्य और किरन रिज्जू शामिल हैं।
बीजेपी की ‘बूथ समिति संकलन समिति’ में रूडी, सुधा यादव और रेणु कुशवाहा शामिल होंगी।
बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस ने अपने 9 साल के शासन में कुशासन, महंगाई, आर्थिक संकट, भ्रष्टाचार, घोटाले जैसे मामले सामने आए हैं और बीजेपी ने इन सब का पर्दाफाश करने के लिए गोपीनाथ मुंडे, रवि शंकर प्रसाद, आरती मेहरा, किरीट सोमैया, निर्मला सीतारमण और मीनाक्षी लेखी की सदस्यता में ‘कांग्रेस संप्रग के खिलाफ आरोप पत्र’ समिति बनाई।
प्रचार प्रसार के उद्देश्य से ‘साहित्य निर्माण समिति’ बनायी गयी है, जिसे बलबीर पुंज, प्रभात झा, विनय सहस्त्रबुद्धे और सुधा मलैया देखेंगी।
भाजपा ने प्रचार के लिए सोशल साइटस के महत्व को समझते हुए इंफार्मेशन कम्युनिकेशन अभियान समिति का निर्माण किया है और इसकी देखरेख का जिम्मा पीयूष गोयल को सौंपा गया है।
और अंत में उन्होनें ‘जन समीक्षा और जन भागीदारी’ समिति की घोषणा करते हुए कहा की बीजेपी ने इस काम के लिए धर्मेन्द्र प्रधान, रामेश्वर चौरसिया, मनोहर लाल खटटर और नलिन कोहली को इस समिति की सदस्यता दी है।
