घबराएं नहीं, हम हैं साथ : मुख्यमंत्री

गुप्तकाशी। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने केदारघाटी के आपदा प्रभावितों को राहत राशि के चेक वितरित किए। जीआईसी लमगौंडी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने दैवी आपदा मेें लापता 28 व्यक्तियों के परिजनों को पांच-पांच लाख और 10 लापता लोगों की पत्नियों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक दिए गए। वहीं कृषि मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने भी ल्वारा गांव में दैवी आपदा में 10 लापता व्यक्तियों के परिजनों को पांच-पांच लाख और सात लापता लोगों की पत्नियों को 25-25 हजार रुपये के चेक दिए।
शनिवार को सुबह दस बजे मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा चॉपर से गुप्तकाशी उतरे। इसके बाद यहां से सीएम जीआईसी लमगौंडी में आयोजित चेक वितरण शिविर में पहुंचे। शिविर में उन्हाेंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभाविताें के साथ है। शासन स्तर से प्रभाविताें की हरसंभव मदद की जाएगी। त्रासदी ने न केवल स्थानीय लोगाें को, बल्कि पूरे देश-प्रदेश को जख्म दिया है। सभी को इससे उभरने के लिए धैर्य और संयम से काम करना होगा। सीएम ने बताया कि केंद्र सरकार भी राज्य में आई इस आपदा को लेकर चिंतित है। इसी को देखते हुए दिल्ली में बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी मंत्री शामिल होंगे। केदारनाथ हमारी आस्था का केंद्र है, इसकी प्रतिष्ठा पुन: बहाल की जाएगी।
आपदा प्रबंधन मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि प्रभाविताें की सुरक्षा और विस्थापन के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्हाेंने जिला प्रशासन को प्रभाविताें की समस्याआें का त्वरित समाधान के निर्देश दिए। काबीना मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रभावित खुद को अकेला न समझे, विपदा की इस घड़ी में सब उनके साथ हैं। स्थानीय विधायक शैलारानी रावत ने क्षेत्र को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने की मांग की।

Related posts