बीकेटीसी की चार सदस्यीय टीम पहुंची केदारनाथ धाम

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ जलप्रलय के 32 दिन बाद आखिरकार श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की चार सदस्यीय टीम केदारनाथ पहुंच गई। समिति केदारनाथ मंदिर की देखरेख के लिए जिम्मेदार संस्था है।
केदारनाथ में तबाही के बाद समिति के नहीं पहुंचने से मंदिर में सफाई तक नहीं हो पाई है। केदारनाथ न जाने का कारण समिति ने प्रशासन से अनुमति नहीं मिलना बताया है। सूत्रों के अनुसार, पिछले दिनों हरिद्वार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सीएम ने भी समिति को केदारनाथ न जाने का कारण पूछा था। सीएम का कहना था कि केदारनाथ में पूजा-अर्चना शुरू नहीं हो पाने पर लोग नाराज हैं। इसलिए समिति शीघ्र केदारनाथ जाए, जिस पर समिति के पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि केदारनाथ जाने के लिए चॉपर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
शनिवार को समिति को केदारनाथ जाने के लिए चॉपर मिल गया। समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह की अगुवाई में चार सदस्यीय दल केदारनाथ चला गया। इसमें समिति के अवर अभियंता भी हैं। टीम केदारनाथ मंदिर की सफाई, कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था और पूजा पाठ पुन: शुरू कैसे हो, इसका आकलन करेगी। साथ ही क्षति का आकलन भी होगा। टीम केदारनाथ में दो दिन रुकने का कार्यक्रम है।

Related posts