शक्ति विहार वालों ने मांगा जीवीके से मुआवजा

श्रीनगर। शक्ति विहार क्षेत्र के आपदा प्रभावितों ने श्री क्षेत्र केदार खंड आपदा-2013 पुनर्वास एवं विकास संयुक्त संघर्ष समिति का गठन किया है। यहां आयोजित बैठक में आपदा प्रभावित परिवारों ने एक स्वर में जीवीके से मुआवजा दिलाने की मांग की है। प्रभावित परिवारों जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा है।
आपदा प्रभावितों ने श्री क्षेत्र केदार खंड आपदा-2013 पुनर्वास एवं विकास संयुक्त संघर्ष समिति का गठन किया। आपदा प्रभावितों ने जीवीके द्वारा मनमाने तरीके से डंप किए गए मलबे को उनके भवनों में हुई तबाही का कारण बताया है। वक्ताओं ने कहा कि यदि अलकनंदा के किनारे मलबा डंप नहीं होता, तो बाढ़ का पानी भवनों तक नहीं आता। एक माह बाद भी भवनों में मलबा अटा पड़ा है और जहां से हटाया भी गया है, तो वहां रहने लायक कुछ नहीं रहा।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आपदा पीड़ितों के नुकसान के लिए जीवीके कंपनी जिम्मेदार है। इसलिए कंपनी 10 लाख रुपये भवन क्षति तथा 5 लाख अन्य सामान की क्षति के रूप आपदा पीड़ितों को दे। जिलाधिकारी से मुआवजे के संदर्भ में जीवीके के साथ बैठक शीघ्र कराने की मांग की गई है।

Related posts