पार्क में कलेक्ट्रेट भवन निर्माण पर पालिका मुखर

पौड़ी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण पर नगर पालिका फिर मुखर हो गई है। पालिका प्रशासन का कहना है कि पार्क के स्थान पर पार्क ही बनेगा। आम जन की भी यही मंशा है।
पार्क में कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण के संबंध में शनिवार की सुबह कार्यदायी संस्था के जानकार ले आउट करने पहुंचे तो पालिका ने इस पर कड़ा एतराज जताया। पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम समेत अन्य लोगों के एतराज से नापजोख की कार्रवाई रोक दी गई। बेनाम ने कहा कि पार्क स्थल पर पूर्व से ही नगर पालिका की दीनदयाल उपाध्याय पार्क निर्माण की योजना है। इसके लिए शासन से पैसा भी स्वीकृत हुआ है। पार्क निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में उस स्थान पर कलेक्ट्रेट भवन का ले आउट कराना किसी भी तरह से उचित नहीं है।
पालिका प्रशासन के मुताबिक जिला प्रशासन की ओर से पार्क की लीज समाप्त करने की बात कही जा रही है लेकिन उन्हें इस तरह की सूचना नहीं मिली है। यदि दूसरे पक्ष को बगैर बताए किसी सार्वजनिक भूमि की लीज गोपनीय ढंग से खारिज की जाती है वह नियमों के विरुद्ध है।
शहरवासी भूपेंद्र सिंह, महावीर सिंह, अशोक बिष्ट, सरोजनी देवी आदि ने कहा कि शहर के बीचोंबीच एक उपयुक्त स्थान होना जरूरी है जहां आम आदमी फुरसत के क्षण सुकून से बिता सके। ऐसे में प्रशासन को दखल नहीं करनी चाहिए। कलेक्ट्रेट की पुरानी भूमि ही भवन के लिए उपयुक्त है। कहा कि प्रशासन ने जबरदस्ती की तो लोग सड़कों पर उतरने में भी गुरेज नहीं करेंगे।

Related posts