
चंपावत। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान (आरसेटी) के तत्वावधान में लोहाघाट के प्रेमनगर में आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। आज के सूचना तकनीक के दौर में कंप्यूटर की जरूरत बढ़ती जा रही है। कंप्यूटर अब रोजगार चयन का प्रमुख माध्यम बन गया है।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के सहायक परियोजना निदेशक डा. महेश कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि कंप्यूटर आज हर व्यक्ति की अनिवार्य आवश्यकता बन गया है। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विमल चौधरी, एसबीआई आरसेटी के निदेशक आरएस रावत, सहायक खंड विकास अधिकारी केएस नयाल, ग्राम विकास अधिकारी हेमा जोशी ने युवाओं से कहा कि वह तकनीकी ज्ञान को बढ़ाएं और समय परिवर्तन के साथ सूचना तकनीक में आ रहे बदलावों को समझने का प्रयास करें। कंप्यूटर रोजगार प्राप्त करने और स्वरोजगार शुरू करने में सहायक हो सकता है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए आरसेटी के प्रकाश जोशी ने कहा कि 30 दिन के इस प्रशिक्षण में गरीब परिवारों के 25 युवा भाग ले रहे हैं। धन की कमी के कारण कंप्यूटर का प्रशिक्षण न ले पाने वालों के लिए यह कार्यक्रम बेहद उपयोगी साबित होगा। इस मौके पर गोविंद पाटनी, कैलाश शर्मा, चंद्रशेखर भट्ट, नरेश पांडे, छवि दत्त पांडे समेत तमाम लोग उपस्थित थे।
