आपसी रंजिश के चलते हुई लड़ाई में 6 धरे

नालागढ़ (सोलन)। पुरानी रंजिश व षड़यंत के तहत करीब आधा दर्जन लोगों के 29 जून को एक वाहन को रोककर उसमें सवार जीजा व साले की निर्मम पिटाई के मामले में पुलिस ने 6 नामजद लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें टिका राम पुत्र राम गोपाल निवासी गांव रोलाबाला लोदीमाजरा, जग्गा राम पुत्र लक्ष्मण दास निवासी गांव बेली दयोड़ खेड़ा, अमरजीत सिंह पुत्र जय कृष्ण निवासी गांव बेली दयोड़, नीरज चंदेल पुत्र दौलत राम निवासी गांव कंसबोवाल, राम कुमार पुत्र शाम लाल निवासी गांव जोहड़ियां व सोहन सिंह उर्फ फुम्मण पुत्र बचनू राम निवासी गांव बेली दयोड़ शामिल है। यहां बता दें कि 29 जुलाई को सलेहड़ा से बागवानियां की ओर जा रही एक टाटा सूमो को करीब छह सात युवकों ने नालका मोड़ पर रोका और झपट कर चाबियां निकाल दी थी और वाहन में सवार व्यक्ति और उसके साले की डंडों, लात घूसों से पिटाई कर डाली।
नालागढ़ पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गुरदेव सिंह पुत्र रंगी राम निवासी गांव मानपुरा, तहसील बददी ने बताया था कि उसके पास एक टाटा सूमो एचपी 57 0689 है, जिसमें उसने अपने साले विनोद को बतौर चालक रखा है और स्वयं कंडक्टर है। उसने कहा कि वह शनिवार देर शाम सलेहड़ा से बागवानियां की ओर टाटा सूमो को लेकर आ रहे थे तो जब यह नालका मोड़ पर पहुंचे तो कुछ युवकों ने इनके वाहन को रोका और जबरन चाबी निकाल ली और उनकी जमकर पिटाई की। उसने आरोप जड़ा कि सोहन लाल उर्फ फुम्मण उसके साथ रंजिश रखता आ रहा है क्योंकि पहले भी वह इसके साथ गाली गलौज कर चुका है। उसने कहा कि हमलावरों के नाम उसे पता नहीं है लेकिन मारपीट करने वाले युवक जाते जाते उनसे कह गए कि सोहन लाल से पंगा लिया तो उसे जान से मार देंगे। जिस पर उसे यकीन है कि सोहन लाल ने ही षड़यंत्र रचकर यह युवक उसके साथ मारपीट करने को भेजे हैं। डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है।

Related posts