सब्जी मंडी में भिड़े तहबाजारी और एमसी कर्मी

शिमला। सब्जी मंडी में शनिवार दोपहर नगर निगम की टास्क फोर्स और तहबाजारियों में झड़प हो गई। सामान जब्त करने गए कर्मियों और तहबाजारियों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। निगम कर्मी जहां तहबाजारियों पर दोष मढ़ रहे हैं, वहीं तहबाजारियों का कहना है कि निगम को सामान जब्त करने का हक है, पीटने का नहीं। निगम कर्मियों ने शनिवार को 28 तहबाजारियों का सामान भी जब्त किया है।
शनिवार को करीब 12:00 बजे नगर निगम की तहबाजारी शाखा ने उपायुक्त ऑफिस से कार्रवाई शुरू की। अवैध तौर पर सड़क किनारे फड़ी लगाने वालों का सामान जब्त किया गया। टीम जब सब्जी मंडी पहुंची तो तहबाजारी भाग गए। निगम कर्मी भी इनके पीछे दौड़े। इस दौरान कई तहबाजारी जमा हो गए। कार्रवाई को लेकर दोनों के बीच खूब कहासुनी हुई। इसी दौरान माहौल उग्र हो गया और निगम पुलिस के एक कर्मी और तहबाजारी में भिड़ंत हो गई। किसी तरह से मामला शांत हुआ। टीम इसके बाद लोअर बाजार से कार्रवाई करते हुए लिफ्ट के पास पहुंची, जहां पहले ही टीम के पहुंचने की सूचना पहुंच गई थी। तहबाजारियों ने अपना सामान यूएस क्लब सड़क पर लगी गाड़ियों के पीछे छिपा दिया, जहां से निगम कर्मियों ने सामान जब्त कर लिया।

महापौर, उप महापौर से की शिकायत
तहबाजारी मोहम्मद विलाल ने पुलिस कर्मी पर उसे पीटने का आरोप लगाया है। तहबाजारी ने कहा है कि टीम को देखकर वे सदर पुलिस थाना को जाने वाले मार्ग में छिप गए लेकिन निगम कर्मी ने वहां पहुंचकर उसके साथ मारपीट की। तहबाजारी मोहम्मद पीरू, अब्दुल, जावेद, नसीर अहमद, खालीद, मोहम्मद गुलजार, शहनवाज सहित कई अन्य ने मामले की शिकायत महापौर और उप महापौर से की।

आयुक्त के आदेश पर की कार्रवाई
निगम के तहबाजारी निरीक्षक ओपी ठाकुर ने कहा कि निगम पुलिस कर्मी के साथ तहबाजारी बेवजह उलझे। सरकारी काम में इन्होंने बाधा डाली। पुलिस कर्मी से तहबाजारियों ने हाथापाई भी की। निगम की टीम ने किसी भी तहबाजारी को नहीं पीटा है। निगम आयुक्त के आदेशानुसार कार्रवाई की गई है। लोअर बाजार से सभी तहबाजारी खदेड़े गए हैं।

Related posts