ग्रामीणों ने घेरा एसडीएम दफ्तर

बिलासपुर। सदर विकास खंड के अंतर्गत कोठीपुरा पंचायत के चंगर पलासणी में रास्ते को कंटीली तारें और गड्ढा खोदकर बंद कर दिया गया है। इससे ग्रामीणों को वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस और राजस्व विभाग के पास शिकायत की मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को गुस्साए ग्रामीण विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। रास्ता खुलवाने के लिए कार्यालय के बाहर लगभग डेढ़ घंटे तक नारेबाजी की गई। तक कहीं जाकर मौके के लिए पुलिस भेजी और रास्ता बहाल किया गया।
प्रदर्शन के दौरान वहां पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को भांपते हुए एसडीएम ने पुलिस को सूचना दी। एएसपी विनोद कुमार, प्रोबेशन डीएसपी प्रमोद चौहान पुलिस बल सहित एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में पहुंचे ग्रामीण फिर भी नहीं माने। यहां तक कि नौबत नोक-झोंक तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक दबाव के चलते अधिकारी इस रास्ते को खुलवाने में रुचि नहीं ले रहे हैं। ग्रामीणोें को गुस्सा बढ़ता गया तो एसडीएम ने पुलिस को रास्ता खुलवाने के लिखित आदेश दे दिए। इसके बाद पुलिस मौके के लिए रवाना हुई और रास्ता खोल दिया गया। ग्रामीणों राजकुमार, संतराम, संतोष कुमारी, अमरी देवी, ब्यासा देवी, सावित्री देवी, मीरा देवी, पल्लवी के अतिरिक्त ग्राम पंचायत राजपुरा के प्रधान सत देव, ग्राम पंचायत कोठीपुरा के प्रधान जगदीश, भाजयुमो अध्यक्ष बृज लाल ठाकुर, नंदलाल, मार्केटिंग कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष दौलत राम ठाकुर, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य प्रकाश ठाकुर, अरविंद शर्मा सहित अन्य ग्रामीण प्रदर्शन में शामिल हुए। एसडीएम एमएल मेहता ने बताया कि तहसीलदार की रिपोर्ट देखने के बाद उन्होंने पुलिस को रास्ता खुलवाने के आदेश दिए हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रास्ता खुलवा दिया है।

Related posts