डाक्टर कैंपों में व्यस्त, मरीज बेहाल

चंबा। जिला अस्पताल के कुछ डाक्टरों के शिविरों में व्यस्त रहने और कई अवकाश पर होने के कारण व्यवस्था चरमराने लगी है। चिकित्सकों की कमी से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में अस्पताल के लिए स्वीकृत 22 में से 18 पदों पर चिकित्सक तैनात हैं। इनमें से चार चिकित्सक अवकाश पर हैं। इसके अलावा कुछ डाक्टरों को कैंपों पर तैनात किया जा रहा है। ऐसे में जहां चिकित्सकों को मरीजों का चेकअप करने में परेशानी हो रही है, वहीं मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि मिंजर मेले के दौरान अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए इन दिनों चिकित्सकों को छुट्टी दे दी गई है। ऐसा इसलिए किया गया है कि मिंजर मेले के दौरान अस्पताल में सभी चिकित्सक मौजूद रहें, लेकिन इसके चलते व्यवस्था चरमराने लगी है। वहीं, सीजनल बीमारियों के मरीजों की तादाद वैसे ही बढ़ी हुई है। ऐसे में डाक्टरों पर अतिरिक्त मरीजों का बोझ पड़ने से अस्पताल का सारा स्टाफ दबाव में है। कुछ दिन तो इमरजेंसी के दौरान भी विशेषज्ञ चिकित्सक के न होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, आपरेशन थियेटर की रिपेयर भी ऐसे समय की जा रही है, जब मरीजों का दबाव ज्यादा है। इसके चलते नलबंदी वाले ओटी में बाकी आपरेशन किए गए। इससे भी डाक्टर परेशान हुए। चिकित्सा अधीक्षक विनोद शर्मा ने बताया कि अस्पताल में स्टाफ की कमी के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।

Related posts