कांगड़ा की लाइफलाइन पर फिर ब्रेक

पपरोला (कांगड़ा)। भारी बरसात के चलते कांगड़ा के कोपरलाहड़ के पास बीती शाम ल्हासा गिरने से पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग इसी महीने में दूसरी बार बाधित हो गया। इसके चलते जोगिंद्रनगर से पठानकोट के लिए सीधी रेल सेवा बंद हो गई है। बैजनाथ-पपरोला स्टेशन से कोपरलाहड़ तक, जबकि पठानकोट से ज्वालामुखी रोड स्टेशन तक रेलगाड़ियां चल रही हैं।
रेल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मूसलाधार बरसात से कोपरलाहड़ व ज्वालामुखी रोड के बीच भूस्खलन से रेलमार्ग के ऊपर करीब 5 फुट गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे लगातार पत्थर व मलबा ट्रैक पर गिर रहा है। सूत्रों की मानें तो रेलमार्ग बहाल होने में लंबा समय लग सकता है। बैजनाथ-पपरोला से शुक्रवार शाम 3 बजकर 55 मिनट पर रवाना होने वाली रेलगाड़ी रद कर दी गई। इसके अलावा अन्य गाड़ियां कोपरलाहड़ तक ही जा सकीं।
स्टेशन अधीक्षक गौतम चंद ने इसकी पुष्टि की। गौर हो कि जुलाई के पहले पखवाड़े में भी ल्हासा गिरने से रेलमार्ग एक हफ्ते तक बाधित रहा था। रेल यातायात निरीक्षक लक्ष्मण ठाकुर ने बताया कि एक सप्ताह के बाद यह ट्रैक चालू हो सका था।

रेलयात्री बसों में सफर को मजबूर
कांगड़ा घाटी में रेल मार्ग बाधित होने से सबसे ज्यादा परेशान पठानकोट तक सस्ते किराये में सफर करने वाले यात्री हो रहे हैं। रेलगाड़ी में बैजनाथ से पठानकोट तक का किराया करीब 23 रुपये है जबकि बस में एक यात्री को पठानकोट जाने के लिए करीब 150 रुपये चुकाने होते हैं। पठानकोट के लिए ट्रेन पकड़ने आए सुशांत, बलवीर, सुलेखा, कमलेश, श्रवण आदि ने कहा कि उन्हें बसों में 8 गुना अधिक किराया देकर गंतव्य तक जाना पड़ेगा।

Related posts