खनन माफिया की तीन गाड़ियां पकड़ीं

रोहडू। पब्बर नदी में हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए वन विभाग ने कमर कस ली है। खनन को रोकने के लिए अब रात के समय भी छापेमारी की जा रही है। इसी मुहिम के तहत वन विभाग ने वीरवार रात पब्बर नदी तट पर छापेमारी कर तीन गाड़ियों को नदी से रेत लाते हुए पकड़ा। विभाग ने मौके पर ही खनन में शामिल वाहनों के चलान कर दिए।
उच्च न्यायालयों के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन ने खनन को रोकने के लिए कमेटी का गठन किया है। कमेटी में विभिन्न विभागों को शामिल किया गया है। सभी विभागों के अधिकारियों को चलान बुक देकर खनन करने वालों के मौके पर ही चालान करने की शक्तियां भी दी गई हैं। वन विभाग ने खनन को रोकने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। खनन माफिया रात के समय नदी तट पर अधिक सक्रिय हो जाता है। इसके चलते वन विभाग ने वीरवार रात समोली से लेकर पटसारी तक पब्बर नदी तट पर छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने नदी से रेता लोड करके ले जाते हुए एक टिप्पर, एक ट्रैक्टर तथा एक पिकअप गाड़ी को पकड़ा। विभाग ने गाड़ियों का मौके पर ही चलान कर उनसे 16,400 रुपये का जुर्माना वसूला। छापेमारी में वन परिक्षेत्र अधिकारी बसंत लाल, वन खंड अधिकारी कुशाल सिंह, वन रक्षक हरबंस सिंह, फिरोजा कुमारी, यशपाल सहित यशवंत शामिल थे। वन परिक्षेत्र अधिकारी रोहडू बसंत लाल ने बताया कि वन विभाग समय-समय पर छापेमारी करता रहेगा। खनन माफिया से जुड़े लोग रात के समय रेत और पत्थर निकालने का कार्य कर रहे हैं। इसलिए रात के समय छापेमारी की जा रही है। वीरवार को रात नौ बजे से सुबह तीन बजे तक नदी तटों पर छापेमारी की गई है।

Related posts