24 गांव में 30 घंटे से बिजली गुल

बद्दी (सोलन)। दून विस क्षेत्र की पट्टा और नालका पंचायतें 30 घंटे से अंधेरे में डूबी हुई हैं। तकनीकी खराबी के चलते यह समस्या आई है। लोगों का कहना है कि नालका पंचायत में आने वाली विद्युत लाइन की लंबाई अधिक होने से कई वर्षों से यह समस्या आ रही है। ऊपर से इस लाइन पर एक ही कर्मचारी तैनात किया गया है। अगर कहीं पर कोई फाल्ट आता है तो उसे खोजने के लिए उसका पूरा दिन लग जाता है। जिससे खामियाजा इलाके की जनता को उठाना पड़ रहा है।
बुधवार को सुबह से नालका व पट्टा पंचायतों के दो दर्जन से अधिक गांव में बिजली गुल हो गई। लोगों ने इसकी शिकायत बिजली बोर्ड के कर्मचारी से की, बावजूद इसके अभी तक कर्मचारी को फाल्ट नहीं मिल पाया है। नालका पंचायत में दजेला नदी के बीच में होने से यह समस्या और गंभीर हो गई है। कई बार नदी उफान पर आ जाता है तो दूसरी ओर बिजली की लाइन में फाल्ट आ जाता है जिससे उसे ठीक करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इलाके के हेमराज चंदेल, गुरचरण सिंह, कैलाश चंद, राम प्रताप, गिरधारी लाल, आशा राम और भाग सिंह ने बताया कि पट्टा पंचायत को जोहड़हाड़ा और ढे़डपुरा की ओर से लाइन में फाल्ट आया है, जो 30 घंटे बीतने के बाद भी ठीक नहीं किया गया है। जोहड़ हाड़ा, मथफल, सकरारा, एखू, गटीवाला , डूनी नाली, रीली कलां, रीली मंजली, अवाड़, पोखटी, पोफडला, घरेड़, धार जिस्ट, दोछणू कांगी, अमरूवा, कनेता, जाखड़ ब्राह्मणा, कठनारडू आदि गांवों के चार हजार लोग बिना बिजली के परेशान हैं। लोगों के बिजली से चलने वाले उपकरण भी बंद पड़े हैं। लोगों ने नालका पंचायत को बरोटीवाला से सीधा भटोली कलां, नवानगर और घेरड़ को जोड़ने की मांग की है। वहीं इस संबंध में बिजली बोर्ड के जेई महेंद्र सिंह ने बताया कि लाइन लंबी है लेकिन उनके पास एक ही कर्मचारी है। जिससे एक दिन में पेट्रोलिंग के लिए लाइन को कवर नहीं किया जा सकता है। स्टाफ के अभाव में यह समस्या आ रही है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।

Related posts