
चंबा। भूकंप के खतरों को लेकर उपायुक्त चंबा संदीप कदम ने जिला की जनता से एहतियात बरतने को कहा है। उन्होने कहा कि भूकंप के झटके महसूस होने पर शांत रहें और कोई हड़बड़ी न करें। भूकंप के 10 मिनट बाद तक अपनी सुरक्षित जगह से न हटें, क्योंकि बाद में और भी झटके आने की संभावना रहती है। उपायुक्त संदीप कदम ने बताया कि भूकंप के समय यदि आप घर या कार्य स्थल पर हैं तो ऐसे में बाहर की ओर भागना हानिकारक सिद्ध हो सकता है। इससे बचने के लिए नजदीक पड़े किसी मेज या पलंग के नीचे शरण लें। उन्होंने कहा कि भूकंप के समय स्वरक्षा के लिए सचेत करने का अभिप्राय लोगों में सनसनी, दहशत या डर फैलाना नहीं है। बल्कि आपदा के समय नागरिकों को जागरूक रहने के लिए सचेत करना है। उन्होंने कहा कि भूकंप के समय अगर बाहर हों तो भवनों, वृक्षों, टेलीफोन और बिजली के ख्ंाभों और तारों से दूर रहें। यदि सड़क में वाहन में हों, तो पहाड़ी, पुलों और भूमिगत रास्तों से दूर चले जाएं। साथ ही भूकंप के झटके रुकने तक वाहन में ही रहें। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों और कार्यालयों में भूकंप सुरक्षा के लिए पत्र और पोस्टर जल्द ही भेज दिए जाएंगे, ताकि किसी भी आपदा के समय कम से कम नुकसान हो। उन्होंने कहा कि पुलिस और होमगार्ड के जवानों के माध्यम से भी लोगों को भूकंप के समय बचने के उपायों से अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूकंप के बाद चोट अथवा घाव का प्राथमिक जांच और उपचार करें। साथ ही पैरों में जूते और सुरक्षा दस्तावेज पहनें। इस अवसर पर एसडीएम बचन सिंह, सहायक आयुक्त दीप्ति कपूर, शिक्षा उपनिदेशक ओपी हीर और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
