
चंबा। वाटर वर्क्स क्लर्क एसोसिएशन चंबा की बैठक दर्शन कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वाटर वर्क्स क्लर्क को जूनियर तकनीशियन बनाने के बावजूद कोई भी प्रमोशन एवेन्यू न दिए जाने पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स को प्रस्ताव भेज कर विसंगतियों को दूर करने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाटर वर्क्स क्लर्क और क्लर्क के भर्ती एवं पदोन्नति नियम एक समान हैं। साथ ही शैक्षणिक योग्यता भी समान है। क्लर्क श्रेणी में पदोन्नति सीनियर क्लर्क, जूनियर और सीनियर असिस्टेंट की है। उन्होंने कहा कि वाटर वर्क्स क्लर्क श्रेणी में कोई भी पदोन्नति एवेन्यू नहीं है। इसके अलावा उन्हें एक ही वेतनमान में रिटायर होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह मांग सरकार के पास काफी लंबे समय से विचाराधीन है। सरकार ने इसके लिए एक कमेटी गठित की थी और कमेटी की रिपोर्ट पर कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और विभाग की ओर से गत वर्ष यह निर्णय लिया गया था कि वाटर वर्क्स क्लर्क को लिपिक श्रेणी में तबदील करने के लिए प्रत्येक वाटर वर्क्स क्लर्क से ऑप्शन लिखित सहमति मांगी गई थी। वह भी सरकार और विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि लोनिवि में भी स्टोर क्लर्क, रिसेप्शन श्रेणियों से भी इस तरह की ऑप्शन लिखित सहमति मांगी गई थी। उन्हें गत वर्ष लिपिक श्रेणी में तबदील किया जा चुका है, जबकि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग में यह मामला अभी तक लंबित पड़ा है। सरकार की इस तरह की दोहरी कार्यप्रणाली से वाटर वर्क्स क्लर्क कर्मचारियों में भारी रोष है।
