निरमंड में 23 को हल्ला बोलेंगे वामपंथी

रामपुर बुशहर। मांगों को पूरा न करने पर सेब उत्पादक और किसान 23 जुलाई को निरमंड में सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे। रामपुर के साथ लगते चाटी स्थित सीटू कार्यालय में वीरवार को आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार पर निरमंड ब्लॉक की अनदेखी का आरोप लगाया गया। किसान सभा निरमंड के अध्यक्ष देवकी नंद ने कहा कि निरमंड ब्लॉक में सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार उनके दर्द को समझ नहीं रही है। प्रदेश सरकार के इस रवैये के कारण ही सेब उत्पादक और किसानों को अपने हक के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 23 को एक दिवसीय प्रदर्शन होगा। अगर सरकार जल्द समस्याएं हल नहीं करेगी तो फिर क्रमिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में सेब की पेटी पर ली जा रही मार्केट फीस को समाप्त करने, निरमंड ब्लॉक में खस्ताहाल सड़कों की हालत सुधारने, निरमंड, बाहवा और भालसी पंचायत में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारु करने, रामपुर प्रोजेक्ट से प्रभावित पंचायतों के लोगों को फसलों और दरारों का मुआवजा जल्द देने, चाटी पुल का निर्माण कार्य शुरू करने के अलावा मिड डे मील, आंगनबाड़ी वर्कर्स को पक्का करने, निरमंड ब्लॉक में पानी की समुचित व्यवस्था करने जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। प्रदर्शन में सीटू कार्यकर्ताओं समेत एसएफआई कार्यकर्ता भी शामिल होकर अपने हक के लिए आवाज बुलंद करेंगे। बैठक में किसान सभा महासचिव पूर्ण ठाकुर, अनिल, परस राम, जगदीश, कुलदीप, सुरेश, अविनाश, बंटी कनैन, विजय आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts