
मंडी। हिमाचल किसान सभा के नेतृत्व में कोलंग गांव के आपदा प्रभावितों का प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासनिक अधिकारियों से मिला और सात जुलाई को भारी बारिश से बादल फटने की घटने से हुई तबाही से अवगत करवाया।
हिमाचल किसान सभा केराज्य सहसचिव कुशाल भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष परस राम, भूपेंद्र सिंह और महेंद्र राणा के नेतृत्व में कोलंग पंचायत के प्रभावित किसान एडीसी गोपाल चंद और एडीएम पंकज राय से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया कि सात जुलाई की रात को कोलंग पंचायत में बादल फटने से कोलंग, रांगड़ा सरहूण, भरगाईं, सरहूण व कलैहड़ू गांवों में सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान हुआ है। यदि जल्द ही पुनर्निर्माण कार्य आरंभ नहीं किए गए तो कोलंग पंचायत में हालात और भी खराब हो सकते हैं। इस प्राकृतिक आपदा में कोलंग के कालीदास की दो कमरों वाली दुकान के साथ पोल्ट्री फार्म का नामोनिशान मिट गया है। गांव के पैदल रास्ते, पुली, बावड़ी, पेयजल लाइन, हैंडपंप, घराट, कूहलें क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई मकानों और गौशालाओं को गिरने का खतरा बना हुआ है। खदर पंचायत के लिए पानी की सप्लाई भी पूरी तरह से प्रभावित हुई है।
कुछ किसानों के केले के पौधे भी पूरी तरह से नष्ट हो गए। धान और मक्की की फसल बर्बाद हो चुकी है। सरकारी स्कूल के दो कमरे और कमरों में रखा सामान बह गया। हिमाचल किसान सभा और कोलंग पंचायत के किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही उच्चस्तरीय टीम भेज कर प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया जाए तथा प्रभावित परिवारों को फौरी आर्थिक सहायता दी जाए। एडीसी और एडीएम ने किसान सभा और प्रभावितों की मांगों पर गंभीरता से अमल करने और जल्द ही सभी प्रभावितों को मदद देने का आश्वासन देने का भरोसा दिया। वीरवार को एडीएम मंडी के नेतृत्व में उच्च स्तरीय टीम पंचायत का दौरा करेगी। प्रतिनिधिमंडल में कोलंग पंचायत के पान सिंह, गोपाल सिंह, सुरेश कुमार, कालीदास, ज्ञान चंद, दीप सिंह, प्रेम सिंह, निक्कू राम, गुलाब सिंह, भीम सिंह, राजेंद्र सिंह, रोशन लाल, धर्म सिंह, सोहन सिंह और कृष्ण चंद आदि मौजूद रहे।
