
भगेड़ (बिलासपुर)। आईपीएच विभाग की पेयजल योजनाओं पर भी सवाल उठ खडे़ हुए हैं। आईपीएच लोगों को पानी दे रहा है या फिर ‘जहर’। पहले ही पानी की कमी से जूझ रहे घुमारवीं नगर परिषद क्षेत्र में अब आईपीएच के नल पानी के साथ सांप भी उगलने लगे हैं। बजोआ वार्ड के एक नल से सांप निकल आया। इससे इलाके के लोगों में भय पैदा हो गया है। पानी पीने से भी लोग कतराने लगे हैं।
नगर परिषद घुमारवीं के अंतर्गत बजोआ वार्ड में पीने के पानी के नल से सांप निकलने से लोग सहमे हुए हैं। नल से करीब एक फुट लंबा सांप निकलना सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाता है। स्थानीय निवासी हेमंत सिंह, शशि, दीपक, जय राम, गोपाल, शिव कुमार ने कहा कि लोगों को शुद्ध जल मुहैया करवाने के सभी दावे खोखले साबित हो रहे हैं। पहले मटमैला पानी आ रहा है। अब सांप निकलना हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा कि आईपीएच लोगों को के बिन फिल्टर पानी दे रहा है। योजनाओं में ब्लीचिंग पाउडर डालकर सप्लाई करनी चाहिए। नल से सांप निकलने के कारण यहां पर गंभीर बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। यदि जल्द ही सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने इस ओर ठोस कदम नहीं उठाए तो लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
उधर, सूचना मिलते ही सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद ठाकुर ने निर्देश दिए हैं कि पानी की सप्लाई का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर पानी की सप्लाई मुहैया करवाई जाए। विभाग द्वारा हैंडपंपों, प्राकृतिक जल स्रोतों में ब्लीचिंग पाउडर डालने का अभियान चलाया गया है।
