जाली करेंसी के जाल में फंसे छात्र

गोहर (मंडी)। जंजैहली के शंकरदेहरा में नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार दो युवकों को अदालत में पेश करने के बाद उन्हें 18 जुलाई तक पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस दोनों आरोपी युवकों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में पता चला है कि एक आरोपी बीटेक की पढ़ाई कर रहा है और दूसरा जमा-दो का छात्र है। गत रविवार को पुलिस ने शंकरदेहरा में नाके के दौरान बिलासपुर के दीपक शर्मा और सोलन के तरुण ठाकुर को 36 हजार 500 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। जाली करेंसी गिरोह की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस आरोपी युवकों से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी दीपक शर्मा सोलन के किसी इंजीनियरिंग कालेज में बीटेक का छात्र है। जबकि दूसरा आरोपी तरुण ठाकुर जमा दो का छात्र है।
आरोपियों का जाली करेंसी गिरोह के साथ कनेक्शन तो नहीं है, इस पर पुलिस गहन जांच कर रही है। सोलन से जंजैहली किस आधार पर जाली करेंसी लेकर दोनों आरोपी पहुंचे थे, इसके बारे में अभी तक आरोपियों ने कुछ नहीं बताया है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों से महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। ऊना जिला के बाद अब मंडी जिला जाली करेंसी कनेक्शन से जुड़ गया है। पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी ने आरोपियों को 18 जुलाई तक पुलिस रिमांड मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

Related posts