
चंबा। अभी पल्यूर हादसे की जांच रिपोर्ट आई ही थी कि इसका खुलासा होने से पहले हरिपुर में फिर से 11 केवी की लाइन गिर गई। ताजा घटना ने नए सवाल खड़े कर दिए हैं। पल्यूर हादसे की जांच रिपोर्ट में किसी को सीधे तौर पर जिम्मेवार नहीं ठहराया गया है। इसमें उन कर्मियों पर उंगली उठाई गई है, जिन्होंने पल्यूर में लगाए ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने का काम किया था। इन कर्मियों से तकनीकी खामियां रखने पर जवाब-तलबी करने को भी कहा गया है। इसके अलावा इस रिपोर्ट में 11 केवी लाइन के घरों की सप्लाई लाइन पर टूट कर गिरने को तकनीकी विफलता बताया है। पल्यूर में कंडक्टर टूटने के कारण 11 केवी लाइन नीचे से गुजर रही 240 वोल्ट की सप्लाई लाइन पर आ गिरी थी। इससे हजारों वोल्ट करंट घरों तक पहुंच गया। उस दौरान अंधेरा होने के कारण ग्रामीणों ने विद्युत उपकरणों और स्विच को छू लिया था, जिसके कारण ग्रामीण करंट की चपेट में आए थे। इनमें चार की मौत हो गई थी। उस दौरान यह बात सामने आई थी कि एक तो बढ़ने के बावजूद ट्रांसफार्मर के फ्यूज नहीं उड़े। इस कारण हाई वोल्टेज लोगों के घरों तक पहुंचा । उस समय अमर उजाला ने यह बात प्रमुखता से उठाई थी कि आखिर ट्रांसफार्मर से होते हुए हजारों वोल्ट करंट कैसे घरों तक पहुंच गया। अब विद्युत बोर्ड की जांच रिपोर्ट में यह बात साफ हो गई है कि जहां 11केवी लाइन तकनीकी हादसा थी, वहीं घरों में भारी भरकम करंट का पहुंचना बोर्ड कर्मियों या ठेकेदार की लापरवाही का नतीजा था। उधर, हरिपुर के हादसे ने तो अब और सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले हादसे में जहां कंडक्टर भरभरा कर टूट गया था, अब ताजा घटना में ट्रांसमिशन वायर ही बीच से टूट गई है। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार यह वायर करीब 30-35 साल पुरानी है। इसकी आयु सीमा 40 साल के करीब होती है।
बाक्स
स्पष्ट नहीं है ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने में क्या गलती हुई : एक्सईएन
विद्युत बोर्ड के एक्सईएन एमएल शर्मा ने बताया कि पल्यूर हादसे की रिपोर्ट उन्हें मिल गई है। रिपोर्ट के अनुसार किसी को सीधे तौर पर दोषी नहीं ठहराया जा सकता। इसमें यह बात भी लिखी गई है कि जिसने पल्यूर का ट्रांसफार्मर शिफ्ट किया था, उससे यहां मिली तकनीकी खामियों के बारे में पूछा जाए और भविष्य में ऐसी गलतीयों से बचने को वार्निंग दी जाए। रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं है कि ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने वालों ने किस तरह की गलती की थी।
हरिपुर की लाइन तो बीच से ही टूट गई
हरिपुर में 11केवी लाइन के टूटकर गिरने की जांच करने पहुंचे एसडीओ दीपक वर्मा ने बताया कि लाइन बीच में से टूट कर गिरी है। यह गिरते समय नीचे से गुजर रही सप्लाई लाइन से टकराई थी, जिससे वोल्टेज बढ़ गई और घरों की उपकरण जले हैं। जेई को नुकसान का जायजा लेने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि यह लाइन करीब 35 साल पुरानी है। टूटने के कारणों की जांच की जाएगी।
दो हादसों के बाद हरकत में आया बोर्ड
लगातार दो हादसों के बाद बोर्ड हरकत में आया है। एक्सईएन एमएल शर्मा ने 11 केवी लाइन की बारीकी से जांच के बाद डैमेज रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। उन्होंने संबंधित एसडीओ को इसकी जांच करने को कहा है। जांच के बाद इस वायर को बदल कर नई वायर डालने का एस्टिमेट बनाया जाएगा। भविष्य में ऐसे हादसों से बचने को तारों की गार्डिंग की योजना बनाई गई है। जल्द ही तारों को आपस में जोड़ा जाएगा।
