
सिहुंता (चंबा)। बीएमओ कार्यालय को समोट से चुवाड़ी स्थानांतरण को लेकर समाजसेवी संस्थाएं और सिहुंतावासी खफा हैं। राजपूत कल्याण सभा इकाई सिंहुता के उपाध्यक्ष ओंकार सिंह चौहान, पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान बीएम शेख, ग्राम पंचायत सिंहुता के प्रधान रिंकू मेहरा, समोट के उपप्रधान विजय चंदेल, सोमदत्त शर्मा, मुंशी राम ठाकुर और बुद्धि सिंह ने भटियात तहसील की काहरी वार्ड की जिला परिषद सदस्य सुदेश कुमारी के उस कथन का कड़ा विरोध किया है जिसमें उन्होंने बीएमओ समोट के कार्यालय को चुवाड़ी स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिप सदस्य को मालूम होना चाहिए कि उप तहसील सिहुंता स्थित समोट में बीएमओ का कार्यालय 15 साल से चल रहा है। इसमें हटली से लेकर साहला तक 27 पंचायतों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। इसके अलावा दर्जनों स्वास्थ्य केंद्र और उपकें द्रों का संचालन इसी केंद्र से होता है। उन्होंने कहा कि जिप सदस्य चुवाड़ी में अलग से कार्यालय खोलने की मांग करें। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने बीएमओ कार्यालय को चुवाड़ी शिफ्ट करने की कोशिश की तो उपतहसील सिहुंता की जनता सड़कों पर उतरकर इस फैसले का कड़ा विरोध करेगी।
