
भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई हैलीकाप्टर सेवा के नाम पर निजी कंपनी करोड़ों रुपये कमाती है। इसकी एवज में स्थानीय पंचायत को कुछ भी नहीं मिलता। इस बार हड़सर पंचायत ने ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर कंपनी से प्रतिदिन 25 हजार रुपये देने की मांग की है। इसकी प्रतिलिपि एसडीएम जितेंद्र कंवर के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजी गई है। हड़सर पंचायत की प्रधान रजनी देवी ने बताया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए भरमौर से गौरीकुंड के लिए हैलीकॉप्टर सुविधा शुरू की जाती है। इसमें कंपनी की ओर से आने-जाने पर प्रति व्यक्ति 8500 रुपये वसूले जाते हैं। 12 मिनट की इस उड़ान के दौरान कंपनी करोड़ों रुपये कमाती है। उन्होंने कहा कि इस कमाई का प्रतिदिन का 25 हजार रुपये कंपनी स्थानीय पंचायत को देती है तो इस पैसे को मणिमहेश यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा पर खर्च किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पंाच साल पहले मणिमहेश यात्रियों के लिए हैलीकॉप्टर सुविधा शुरू की गई है। इस दौरान लगभग एक माह तक कं पनी की ओर से करोड़ों रुपये का कारोबार किया जाता है। हालांकि मणिमहेश यात्रा 15 दिन तक चलती है, लेकिन यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण कई बार एक महीना तक यात्रा चलती रहती है।
