
पालमपुर (कांगड़ा)। फेक फेसबुक पर एक शादीशुदा महिला ने कैप्टन को प्रेमजाल में फांस लिया। उसे शादी का झांसा दिया, यही नहीं उसका विश्वास जीतकर खाते में 40 हजार रुपये भी डलवा लिए। जब सच्चाई का पता चला तो आर्मी अफसर के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। दरअसल इस महिला का अपने पति से तलाक का केस चल रहा है। महिला की करतूत का पता तब चला, जब कैप्टन महिला के पति के घर पहुंचा।
पुख्ता सूत्रों के अनुसार पालमपुर की एक महिला का अपने पति से तलाक का मामला चला हुआ है। इस महिला ने फर्जी फेसुबक अकाउंट बनाकर किसी दूसरी लड़की का फोटो इसमें डाल दिया। बताया जाता है कि यह लड़की इसके फ्रेंड सर्कल में थी। इस फेसबुक के जरिये महाराष्ट्र के आर्मी कैप्टन की मित्रता इस महिला से हो गई। दोनों में बातें होती रहीं, फिर तय हो गया कि दोनों शादी करेंगे। वहीं महिला ने इस बीच कैप्टन की माता से अपनी मां की भी बात करवाई। जब आर्मी कैप्टन इस महिला के पूरे विश्वास में आ गया तो इस महिला ने कहा कि मेरी एक फ्रेंड है और उसका पति मर्चेंट नेवी में है। दोनों की आपस में अनबन चली हुई है। उसे पैसों की सख्त जरूरत है। आप उसके खाते में 40 हजार रुपये डाल दें। महिला ने अपनी फ्रेंड का नाम देकर उसका खाता नंबर भी दिया। उसने पैसे महिला की सहेली के खाते डाल दिए।
नॉट रीचेबल मोबाइल से ठनका माथा
एक दिन कैप्टन ने महिला से कहा कि वह पालमपुर आना चाहता है और तुमसे मिलकर बात करनी है। महिला ने कैप्टन को पालमपुर बुला लिया। लेकिन जब कैप्टन पालमपुर पहुंचा तो महिला उसे मिली नहीं। बाद में महिला का फोन भी नॉट रीचेबल आने लगा। इस पर फौजी का माथा ठनका। तब कैप्टन खाता नंबर और महिला का नाम लेकर एक बैंक पहुंचा और उसने आपबीती सुनाई। बैंक ने कैप्टन को महिला का नाम और उसके पति के घर का पता बताया। जब कैप्टन महिला के पति के घर पहुंचा तो उसका असली राज खुला। महिला के पति ने साफ कहा कि उसका करीब पांच महीने से तलाक का मामला चला हुआ है। उससे कुछ लेना-देना नहीं है। यह देख फौजी थाने पहुंच गया। वहां पर उसने इस महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी है। बताया जाता है कि फेक फेसबुक आईडी के जरिये प्यार के चक्कर में फंसा यह कैप्टन रविवार वापस अपने घर चला गया है। उधर, थाना प्रभारी सरवन सिंह ने कहा कि थाने में शिकायत आई है, पुलिस जांच कर रही है।
