टनल से एनएच-22 को बना खतरा

रामपुर बुशहर। जनजातीय जिला किन्नौर को जोड़ने वाली एक मात्र सड़क एनएच-22 के नजदीक बिना अनुमति से बनाई जा रही टनल हाइवे के लिए एक बड़ा खतरा बन सकती है। एक ओर पहले ही मंगलाट के पास सड़क धंसी हुई है। वहीं, सड़क के करीब 20 मीटर के पास हो रहा टनल का निर्माण कभी भी एनएच को बंद कर सकता है। हालांकि, एनएच प्राधिकरण ने टनल निर्माण कार्य पर रोक लगाने के लिए ज्यूरी हाइड्रो प्रोजेक्ट से बात की थी। लेकिन, एक दिन काम बंद होने के बाद प्रोजेक्ट प्रबंधन ने फिर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। ज्यूरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रबंधन ने एनएच प्राधिकरण से बिना एनओसी लिए सड़क का निर्माण कर डाला। वहीं अब प्रोजेक्ट की टनल के लिए भी बिना एनओसी के ही काम शुरू कर दिया है। यह टनल एनएच के ठीक नीचे से बन रही है। इससे कभी भी नेशनल हाइवे धंस सकता है। इसके बारे में एनएच प्राधिकरण के एक्सईएन पासंग नेगी का कहना है कि अभी प्रोजेक्ट प्रबंधन को न तो सड़क निर्माण के लिए और न ही एनएच के नीचे से टनल निर्माण के लिए एनओसी दी गई है। कंपनी तब तक काम नहीं कर सकती, जब तक एनओसी नहीं मिलती। उधर, प्रोजेक्ट के डीजीएम अमृत का कहना है कि जो भी काम किया जा रहा है, वह सरकारी मंजूरी लेकर किया जा रहा है।

Related posts