रामपुर में कहां खड़ी करें 12 हजार गाड़ियां

रामपुर बुशहर। रामपुर में पार्किंग के अभाव में वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समय रामपुर एसडीएम कार्यालय में करीब 12 हजार वाहनों का पंजीकरण हो चुका है, जबकि हर माह 120 से अधिक नए वाहन रामपुर पहुंच रहे हैं। हालांकि, ऐसा नहीं है कि रामपुर में पार्किंग निर्माण के लिए स्थान नहीं है। पूर्व सरकार ने 19 अगस्त 2011 को पार्किंग निर्माण को लेकर शिलान्यास भी किया था, लेकिन शिलान्यास से आगे का काम आज तक शुरू नहीं हो पाया। ऐसे में पार्किंग न होने के कारण रामपुर शहर में जाम की समस्या आम बन गई है। सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो रामपुर में वर्तमान में करीब 12 हजार गाड़ियों का पंजीकरण हो चुका है। जबकि, हर दिन चार नए वाहन पंजीकरण के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन इन वाहनों को खड़ा करने के लिए रामपुर में जगह नहीं है। यहीं नहीं, रामपुर में हर रोज ब्रौ, निरमंड, आनी, कुमारसैन और किन्नौर से भी सैकड़ों वाहन पहुंचते हैं। इससे रामपुर में हर रोज जाम लगना आम हो गया है। क्षेत्रवासियों विक्रांत बिष्ट, अंकित वंसल, धीरज शर्मा, बबलू, संजय, प्रशांत, विशाल, तिलक राज, योगराज और नवीन सहित अन्य लोगों ने सरकार से मांग की है कि रामपुर में वाहनों को खड़ा करने के लिए उचित व्यवस्था की जाए। इधर, नगर परिषद के ईओ बीआर नेगी ने बताया कि हिमुडा से पैसा वापस ले लिया गया है। अब नए सिरे से पार्किंग निर्माण के लिए टेंडर किए जाएंगे।
….बाक्स….
पार्किंग निर्माण का शिलान्यास पूर्व नगर नियोजन एवं शहरी विकास मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह ने 19 अगस्त 2011 को किया था। लेकिन सरकारी तंत्र की लापरवाही के चलते अब तो शिलान्यास पट्टिका भी टूट गई है। इससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रशासन पार्किंग को लेकर कितना गंभीर है।

Related posts