गैस लीक होने से घर में आग

खटीमा। बारात की विदाई के बाद घरातियों के लिए खाना बनाते समय गैस सिलेंडर लीक होने से लगी आग मे झाला, टीवी, बर्तन, कपड़े आदि जलकर राख हो गए। इस दौरान एक विकलांग महिला सहित दो बच्चों को पुलिस और फायर कर्मियों ने आग बुझाने के बाद बाहर निकाला। महिला के हाथ की अंगुलियां झुलस गईं।
डाकघर के सामने रहने वाली कमलेश राठौर की पुत्री का बीते दिन विवाह था। बारात पीलीभीत जनपद के पौंटा से आई थी। सुबह साढ़े नौ बजे बारात विदा हो गई। विदाई के बाद घरातियों के खाने की व्यवस्था चल रही थी। इस बीच गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज होने से आग लग गयी और आग झाले में धधक गई। मकान से बाहर निकलने के लिए एक मात्र ढाई फीट की गली है। घर के अंदर अधिकांश लोग बाहर निकल आए लेकिन घर के अंदर विकलांग शशि अपने दो छोटे बच्चे नंदनी और माही के साथ अंदर फंस गई।
इस बीच पास रहने वाले ओमप्रकाश वैश्य ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान संकरे रास्ते से अंदर पहुंचे और आग पर काबू पाया। फिर घर के अंदर फंसी विकलांग महिला व उसके दो बच्चों को बाहर निकाला। पीड़ित महिला ने बताया कि अग्निकांड में टीवी, बर्तन, झाला, कपड़े, राशन आदि जल गया। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी जेएस पांगती, कोतवाल अजय ध्यानी, फायर आफीसर वंशबहादुर यादव, एसआई प्रहलाद सिंह आदि थे।

Related posts