
रानीखेत। छावनी परिषद बोर्ड की बैठक में कई मसलों पर चर्चा हुई। तय हुआ कि छावनी डिस्पेंसरी को हाईटेक बनाया जाएगा। शिक्षा और स्वच्छता व्यवस्था के क्षेत्र में और सुधार लाने पर सहमति बनी। इस दौरान बोर्ड के नए मुख्य अधिशासी अधिकारी प्रमोद कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
छावनी परिषद के अध्यक्ष कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के कमांडेंट ब्रिगेडियर केए महावीर ने छावनी परिषद के नए सीईओ प्रमोद कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नए सीईओ ने सभी अधिकारी, कर्मचारी और सभासदों को साथ लेकर कैंट क्षेत्र के विकास का संकल्प लिया। सभासदों ने अपने-अपने इलाके की समस्याएं उठाई। तय हुआ कि छावनी डिस्पेंसरी को और सुविधा संपन्न बनाया जाएगा। एंबुलेंस सहित डाक्टरों की नियुक्ति होगी, जांच के लिए लैब खोली जाएगी, डिस्पेंसरी को राजकीय अस्पताल के साथ जोड़ा जाएगा। मालरोड की अशोक वाटिका में मालियों की परीक्षा ली जाएगी। देवीढुंगा पेयजल योजना की पाइप लाइन की मरम्मत होगी। कैंट स्कूल की छात्राओं को 15 अगस्त के दिन नि:शुल्क वर्दी वितरित की जाएगी। बोर्ड में अस्थायी अवर अभियंता और चालक के पदों को छह महीने के लिए बढ़ाने पर भी सहमति बनी। बैठक में उपाध्यक्ष हेम चौधरी, सभासद मोहन नेगी, संजय पंत, उमेश चंद्र पाठक, भुवन चंद्र आर्य, कर्नल प्रमोद कुमार, कर्नल गोपाल शर्मा, कर्नल ठाकुर सहित तमाम जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
