
पपरोला (कांगड़ा)। घाटी की लाइफलाइन माने जानी वाली कांगड़ा रेल शुक्रवार को भी पटरी पर नहीं लौटी है। रेल सेवा बाधित होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
कांगड़ा में रेल सेवा छठे दिन भी प्रभावित रही। शुक्रवार को बैजनाथ-पपरोला से दो ट्रेनें रद करनी पड़ीं। हालांकि मौसम साफ होने पर रेल विभाग ने कड़ी मशक्कत कर कोपरलाहड़ के पास रेलमार्ग पर हो रहे भू-स्खलन को रोकने में कामयाबी हासिल कर ली है। वहीं विभाग के अधिकारियों की मानें तो उनका कहना है कि शनिवार को रेलमार्ग बहाल हो जाएगा। शुक्रवार देर शाम ट्रैक पर रेल इंजन के ट्रायल के बाद पठानकोट तक रेल यातायात बहाल होने का रास्ता साफ हो गया। रेलवे के सहायक मंडल अभियंता एमके गोयल ने कहा कि शनिवार सुबह रेलमार्ग का फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद जोगिंद्रनगर से पठानकोट तक नियमित ट्रेन सेवा बहाल हो जाएगी। वहीं बैजनाथ-पपरोला स्टेशन अधीक्षक गौतम चंद ने बताया कि शुक्रवार को भी 2 रेलगाड़ियां रद की गईं। उच्च अधिकारियों से ग्रीन सिग्नल मिलते ही पठानकोट के लिए रेल सेवा बहाल की जाएगी।
