
बागेश्वर। बारिश के कारण जिले के विभिन्न हिस्सों से नुकसान की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। शामा के पन्याली में सार्वजनिक और निजी भवन खतरे की जद में हैं। कपकोट के बैराड़ी में भूस्खलन होने से ग्रामीण भयभीत हैं। कांडा के विजयपुर और चौंरा में विद्यालय भवनों को भारी क्षति हुई है।
कपकोट के दुणी और बैराड़ी तोक वासियों ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया। जिसमें कहा गया है कि बस्ती के ऊपर स्थित दूणी पन्याली मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसी कारण बारिश का पानी बस्ती के पीछे आ रहा है, जिससे भूस्खलन हो रहा है। भूमि और आवासीय भवनों में दरारें आने लगी हैं। आठ परिवाराें को खतरा बना है। इधर, शामा के क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र कोरंगा ने बताया कि बड़ी पन्याली में बारिश के कारण जनमिलन केंद्र खतरे की जद में है। पंचायत घर का पिछला हिस्सा मलबे में दबने लगा है। अनुसूचित जाति के छह परिवारों को खतरा बना है। कृषि भूमि को भी खतरा पैदा हो गया है। कांडा के विजयपुर इंटर कालेज में बारिश के कारण चार कक्षा कक्षों की छतें झुकने लगी हैं। रसोई भी जर्जर हालत में है। गत दिवस श्री राठौर सहित हरीश जोशी, श्याम सिंह कर्म्याल, वीरेंद्र धामी, नरेंद्र धामी, गोपाल राम, हेम पांडेय नाथ राम, पुरुषोत्तम विपिन चंद्र आदि ने निरीक्षण करके प्रशासन को सूचना दी। भाजपा दुग नाकुरी मंडल के अध्यक्ष महेश कालाकोटी ने बताया कि चौरा में हाईस्कूल के भवन को तीन सालों से नुकसान हो रहा है। भवन में दरारें आने लगी हैं। बारिश के वक्त दुर्घटना की आशंका रहती है। ग्राम प्रधानों ने जिला प्रशासन को सूचना दे दी है।
