
लंबगांव (टिहरी)। भारतीय स्टेट बैंक माजफ में खाता खुलवाने को लेकर बैंक प्रबंधक और उपभोक्ता के बीच जमकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ अभद्रता करने और हाथापाई करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में दोनों ओर से तहसील में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। व्यापारियों ने बैंक में आए दिन खाता खुलवाने को लेकर हो रहे विवाद पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए बैंक प्रबंधक का तत्काल स्थानांतरण करने की मांग की है।
मिश्रवाण गांव निवासी कर्ण सिंह बृहस्पतिवार को अपनी 17 वर्षीय बेटी गुड्डी को लेकर छात्रवृत्ति का खाता खुलवाने के लिए एसबीआई शाखा माजफ पहुंचे। उनका आरोप है कि वे तीन दिन से रोज खाता खुलवाने के लिए बैंक जा रहे है, मगर उन्हें अनावश्यक परेशान किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को बैंक शाखा प्रबंधक ने खाता खुलवाने के लिए आईडी मांगी तो उन्होंने हवाला दिया कि बेटी 17 साल की है। उसकी कोई आईडी नहीं बनी है। इसे लेकर प्रबंधक अमरीश कुमार और उनके बीच विवाद हो गया। मामला इतना बड़ा की दोनों पक्षों में हथापाई हो गई। किसी तरह लोगों ने वहां बीच बचाव किया। सूचना पर तहसीलदार सोहन लाल डंगवाल भी मौके पर पहुंच गए। इसी बीच बड़ी संख्या में व्यापारी भी वहां पहुंच गए। व्यापार मंडल अध्यक्ष फुलम सिंह मेहरा, गबर सिंह रावत, दर्शन सिंह, धनपाल सिंह व बालम सिंह थलवाल ने कहा कि बैंक में आए दिन इसी तरह बवाल होता रहा है। व्यापारियों ने बैंक के महाप्रबंधक को ज्ञापन भेजकर तत्काल प्रबंधक का यहां से स्थानांतरित करने की मांग की है। नायब तहसीलदार सोहन लाल डंगवाल ने बताया कि बैंक प्रबंधक अमरीश कुमार और उपभोक्ता कर्ण सिंह ने एक दूसरे के खिलाफ अभद्रता करने तथा हाथापाई करने की लिखित में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।
