
कोटद्वार। केदारघाटी में आयी आपदा के प्रभावितों की मदद के लिए दुनियाभर से मदद के लिए हाथ उठ रहे हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश प्रधान संगठन विकासखंड नजीबाबाद के पदाधिकारी भी पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आए हैं। संगठन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनीता दुदपुड़ी की ओर से बुलाई गई बैठक में ग्राम पंचायत मोटाढाक में 15 बेघर परिवारों को बसाने का प्रस्ताव पास किया गया है।
बैठक के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रस्ताव में कहा गया कि केदारघाटी में आई आपदा के बाद संगठन और वहां के लोग 15 परिवारों का पुनर्वास ग्राम पंचायत क्षेत्र मोटाढाक में कराना चाहते हैं। पुनर्वास के लिए निजी भूमि में से 2000 वर्ग फीट जमीन प्रति परिवार दी जाएगी। भूमि देने में असमर्थ लोग पीड़ितों के पुनर्वास में तन-मन और धन से सहयोग करेंगे। इसके लिए बिजनौर के जिलाधिकारी से दान की गई भूमि का नि:शुल्क पंजीकरण कराने की अपील की गई है। बैठक में आपदा में मारे गए लोगों और बचाव कार्य में मृत सैनिकों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में अर्जुन सिंह बिष्ट, महावीर सिंह असवाल, कुंज बिहारी देवरानी, बृजमोहन सिंह नेगी, शशिधर डबराल, जयप्रकाश नैनवाल, प्रवीन सिंह मल, हेमेंद्र मोहन बडोला, विजेंद्र सिंह मल और भारत सिंह बिष्ट शामिल हैं।
