नक्शे पास करने वालों का अपना नक्शा फेल

शिमला। शहर में भवनों के नक्शे पास करने वाली नगर निगम की वास्तुकार एवं योजनाकार (एपी) और संपदा शाखा का अपना नक्शा ही फेल हो गया है। सोमवार को उक्त दोनों शाखाओं के कमरों की छतों में लीकेज से दिनभर कुर्सी, टेबलों पर पानी बरसता रहा। रिकार्ड को संजोकर रखने के लिए कर्मियों को फाइलों पर तिरपाल रखना पड़ रहा है। पद्मदेव कांप्लेक्स की धरातल मंजिल में यह दोनों शाखाएं हैं। संपदा शाखा में तो कर्मियों का सीट पर बैठना तक मुश्किल हो गया है। यहां दो अधिकारी एक टेबल पर बैठकर अपना काम निपटाने को मजबूर हैं।
रिज मैदान स्थित पद्मदेव कांपलेक्स की धरातल मंजिल में नगर निगम शिमला की वास्तुकार योजनाकार एवं संपदा शाखा है। शहर में बनाए जाने वाले भवनों के यहां नक्शे पास किए जाते हैं। शहर को व्यवस्थित ढंग से बसाने में इस शाखा की अहम भूमिका रहती है। संपदा शाखा नियमों की अवहेलना करने वालों पर शिकंजा कसती है। लेकिन निगम की इन दोनों शाखाओं का अपना नक्शा इन दिनों बिगड़ गया है। शाखा में सीलन की समस्या भी अरसे से है। सोमवार को तो छत से लीकेज होने के चलते यहां बैठना मुश्किल हो गया। कई कर्मचारियों ने कमरों से अपने-अपने कुर्सी टेबल निकालकर दूसरी जगह शिफ्ट कर लिए।


कई बार शिकायत की, कोई नहीं सुनता
नगर निगम कर्मियों का कहना है कि आयुक्त, महापौर सहित स्वास्थ्य और जल शाखा के अधिकारियों को कई दफा मामले की शिकायत की है लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हो रही। सीलन और टपकती छत के बीच बैठकर काम करना मुश्किल हो गया है। दिन तो टेबल और कुर्सी पर गिरे पानी को साफ करने और रिकार्ड को संभाल कर रखने में ही बीत रहा है।

अस्पताल, रेस्तरां को नोटिस
महापौर संजय चौहान का कहना है कि पद्मदेव कांप्लेक्स में चल रहे अस्पताल और रेस्तरां के प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिए हैं। प्रबंधकों को अपने बाथरूम सहित पाइपों की लीकेज को दुरुस्त करने के आदेश दिए हैं। अगर कोताही बरती गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल और रेस्तरां वालाें की गलती की वजह से ही सीलन की समस्या है।

Related posts