आखिर थम गया कर्मियों का आंदोलन

नयनादेवी (बिलासपुर)। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग मंडल बस्सी में सिंचाई परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों को आंदोलन थम गया है। योजना से जिन कर्मचारियों को हटाया गया था। उन्हें दोबारा नियुक्त कर लिया गया है। सोमवार को कर्मचारियों और ठेकेदार के बीच लिखित समझौता हुआ है।
सोमवार को हिमाचल प्रदेश सर्व कर्मचारी पेंशनर श्रमिक एवं युवा बेरोजगार संयुक्त मोरचा के जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह डांगी की अगुवाई में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। विभागीय अधिकारियों, ठेकेदार तथा मोरचा पदाधिकारियों के बीच हुई लंबी बातचीत के बाद ठेकेदार ने सभी मांगों को मान लिया। सिंचाई योजना से जिन कर्मचारियों को निकाला गया था। उन्हें दोबारा रख लिया गया। अपनी मांगों को लेकर मोरचा करीब आठ दिन से विरोध प्रदर्शन कर रहा था। योजना से करीब 14 कर्मचारियों को हटाया गया था। विरोध के बाद आठ कर्मचारियों को रख लिया गया। जो छह कर्मचारी रह गए थे। उन्हें संबधित ठेकेदार दोबारा नियुक्त करने में आनाकानी कर रहा था। इसके चलते कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। अब इन कर्मचारियों को भी नियुक्त कर लिया गया है। इस दौरान सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद्र चड्ढा, सहायक अभियंता केके चड्ढा, कनिष्ठ अभियंता मीर चंद, मोरचा से सचिव शिव कुमार, बनारसी दास, उपाध्यक्ष पवन कुमार, मनोज, संगठन मंत्री लाल चंद, सह सचिव सतनाम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts