पोस्टमार्टम रूम में लचर व्यवस्था पर ग्रामीण भड़के

चंबा। जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम की हालत दयनीय हो गई है। इसके चलते चिकित्सकों सहित पोस्टमार्टम करवाने आने वाले लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ती है। कार हादसे में मारे गए भद्रम के युवक का शव लेकर आए सरोल-भद्रम के ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम रूम की खस्ता हालत पर रोष जताया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा को शवगृह और पोस्टमार्टम गृह की दयनीय हालत बारे बताया और इसकी जल्द सुध लेने की मांग की।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रूम के पास गंदगी का आलम है। यहां बिजली की भी बेहतर व्यवस्था नहीं है। इससे चिकित्सकों को शव का पोस्टमार्टम करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों सुरेश कुमार, अशोक कुमार, देसो, हंस राज, राज कुमार, ब्रह्म ने बताया कि पोस्टमार्टम रूम के पास गंदगी का आलम है। इस कारण रूम में जाने में काफी मुश्किलें पेश आई। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन को सफाई व्यवस्था की तरफ ध्यान देना चाहिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रूम की सफाई के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों भरमौर के खड़ामुख से गला सड़ा शव लाया गया था। इस वजह से सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पोस्टमार्टम रूम में बिजली न होने की बात को नकारते हुए कहा कि रूम में बिजली की बेहतर व्यवस्था की गई है।

Related posts