दूसरे दिन भी बाधित रही कांगड़ा रेल सेवा

पपरोला (कांगड़ा)। कोपरलाहड़ के पास भारी भूस्खलन के चलते जोगिंद्रनगर-पठानकोट रेलमार्ग सोमवार को भी बाधित रहा। हालांकि बैजनाथ-पपरोला से कोपरलाहड़ व पठानकोट की ओर से ज्वालामुखी रोड तक रेलगाड़ियां चलीं।
रेल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पपरोला से सुबह 4 बजे 2पीबी, 7.20 पर 4 पीबी और दोपहर साढ़े 12 बजे के बाद 2पीबी जे गाड़ी कोपरलाहड़ तक चलीं। जबकि कुछ रेलगाड़ियां रद करनी पड़ीं। उल्लेखनीय है कि बीते कल कांगड़ा से कुछ दूरी पर स्थित कोपरलाहड़ में रेलवे ट्रैक पर मलबा गिर जाने से रेल सेवा प्रभावित रही थी। रेलवे कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बावजूद सोमवार को रेल ट्रैक से मलबा नहीं हटाया जा सका है। इससे लगातार दो दिनों से घाटी रेल सेवा प्रभावित हो रही है। तीन दिन से हो रही बारिश के चलते रेलवे ट्रैक पर पत्थर व ल्हासे गिरने का क्रम लगातार जारी है। इसके चलते रेलवे कर्मी ट्रैक को पूरी तरह से बहाल नहीं कर पा रहे हैं। रेलवे के सहायक मंडल अभियंता एमके गोयल ने बताया कि रेलवे ने ट्रैक खोलने के लिए पूरा अमला लगा दिया है। लेकिन कोपरलाहड़ व ज्वालामुखी रोड के बीच सड़क से लगातार पत्थर व मलबा गिरने से रेलमार्ग खोलने में दिक्कत आ रही है।

चौबू-भूलाना मार्ग यातायात के लिए बहाल
बैजनाथ (कांगड़ा)। चौबू-भूलाना मार्ग सोमवार को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। चौबू पुल के समीप ल्हासा गिरने से रविवार रात को मार्ग आवाजाही के लिए अवरु द्ध हो गया था। सोमवार सुबह लोनिवि ने मार्ग से मलबे को हटाकर मार्ग को यातयात के लिए बहाल कर दिया। वहीं, करनाथू-मार्ग बडे़ वाहनाें की आवाजाही के लिए पूर्ण रूप से बंद है। इसके अतिरिक्त छोटा भंगाल के बड़ा ग्रां और लोहारडी मार्ग बरोट से आगे यातायात के लिए बहाल हैं। मंडी जिला के टिक्कन के समीप भूस्लखन होने के कारण बरोट व मुलथान मार्ग बंद रहे। एसडीओ डीके वर्मा ने बताया कि चौबू मार्ग को सुबह सुचारु कर दिया गया था।

ग्राम सभा की बैठक स्थगित
पपरोला (कांगड़ा)। पंचायत पपरोला में बीते दिन ग्राम सभा की बैठक कोरम अधूरा होने के चलते स्थगित कर दी गई। अब ग्राम सभा की बैठक 23 जुलाई को होगी। हालांकि बैठक में आए लोगों को उप प्रधान तिलक चंद व सचिव दिनेश ने आधार कार्ड जल्द बनाने व धूम्रपान निषेध पर भी जागरूक किया।

Related posts