
मंडी। शहर के पैलेस कालोनी में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई है। कालोनी के ऊपर से नाले में पानी के साथ मलबा आने से क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के गायनी वार्ड सहित कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोग व होमगार्ड के जवान भी बचाव में जुटे रहे।
रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जिले कई स्थानों पर अपना कहर बरपाया। रविवार सुबह आठ बजे से नाले में पानी के साथ मलबा आ जाने से पैलेस कालोनी स्थित क्षेत्रीय अस्पताल और साथ लगते घरों में तबाही मच गई। नाले का बहाव बंद होने के कारण पानी अस्पताल के गायनी वार्ड में घुस गया। जिससे आनन-फानन में दाखिल मरीजों को ईएनटी वार्ड में शिफ्ट किया। नाले में पानी के बहाव को देखते हुए आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मची रही। नाले से सटे करीब आधा दर्जन घरों और दुकानों के अंदर भी पानी घुस गया। कई वाहनों को मलबे से नुकसान हुआ है। बचाव के लिए काफी लोग मौके पर पहुंचे। होमगार्ड व स्थानीय लोग नाले के बहाव को खोलने में जुटे रहे। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी से सड़क की ओर आए नाले को रुख को बदलने का प्रयास किया। क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस डा. हेमंत कपूर का कहना है कि रविवार सुबह नाले से पानी और मलबा अस्पताल के गायनी वार्ड में घुस गया। जिससे मरीजों को ईएनटी वार्ड में शिफ्ट किया गया।
पधर बाजार में सुराहण नाले में भारी मात्रा में पानी आने से स्टेट बैंक की नाली में पानी का बहाव तेज आने से पानी लोगों के रिहायशी मकानों में जा घुसा। रविवार को लोगों ने नाले में फंसे पत्थरों को हटाया। अस्पताल मार्ग पर लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय के सामने अस्पताल परिसर में लगाई विशाल सुरक्षा दीवार ढह गई। दीवार ढहने से मार्ग बंद हो गया और चिकित्सकों के आवास भवन को गिरने का खतरा बन गया है। मैगल के पास ल्हासा गिरने से एक दुकान ढह गई। जिससे दुकान में रखा सामान भी खराब हो गया। स्थानीय निवासी जयचंद पुत्र स्व. चौधरी राम ने बताया कि उनके मकान के पीछे से ल्हासा आने से मकान का डंगा गिर गया। जिससे उनकी चार में से एक दुकान ढह गई। जिससे सारा सामान और मलबा एनएच तक पहुंच गया। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर राहत प्रदान करने की मांग की है।
