
मंडी। जिला उपभोक्ता फोरम ने वित्तीय कंपनी को उपभोक्ता के पक्ष में 5000 रुपये हर्जाना और 2000 रुपये शिकायत व्यय अदा करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा कंपनी को उपभोक्ता के वाहन की एनओसी 20 दिन में जारी करने के भी आदेश दिए। जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष जेएन यादव और सदस्यों रमा वर्मा एवं लाल सिंह ने सुंदरनगर तहसील के चौक (महादेव) निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र हितेंद्र कुमार की शिकायत को उचित मानते हुए वित्तीय कंपनी मैगमा फाइनेंस को उपभोक्ता के वाहन की एनओसी फैसला सुनाए जाने से 20 दिन के भीतर जारी करने के आदेश दिए। अधिवक्ता दिनेश शर्मा के माध्यम से फोरम में दायर शिकायत के अनुसार उपभोक्ता ने अपने वाहन को उक्त कंपनी में फाइनेंस करवाया था। उपभोक्ता ने वित्तीय कंपनी को पूरी राशि की अदायगी कर दी थी, लेकिन कंपनी की ओर से उन्हें वाहन की एनओसी जारी नहीं की गई। हालांकि, उपभोक्ता ने कंपनी को कई बार संपर्क करके एनओसी जारी करने के बारे में कहा। लेकिन, कंपनी की ओर से एनओसी जारी न करने के कारण उपभोक्ता ने फोरम में शिकायत दर्ज करवाई थी। फोरम ने अपने फैसले में कहा कि उपभोक्ता की ओर से कंपनी को वाहन की राशि अदा कर दी गई है। ऐसे में एनओसी जारी न करने को फोरम ने कंपनी की सेवाओं में कमी करार दिया। जिसके चलते कंपनी को उपभोक्ता के पक्ष में फैसले की तिथि से 20 दिन के भीतर एनओसी जारी करने के आदेश दिए गए। इसके अलावा कंपनी की सेवाओं में कमी के कारण उपभोक्ता को हुई मानसिक परेशानी के बदले में उक्त हर्जाना राशि और शिकायत व्यय भी अदा करने का फैसला सुनाया।
