
पधर (मंडी)। जिले में भारी बारिश से जनजीवन थम सा गया है। गत शनिवार से हो रही मूसलाधार बारिश से मंडी-जोगिंद्रनगर नेशनल हाईवे उरला और मैगल के पास चट्टान खिसकने से बंद रहा। जिससे मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। एनएच बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उरला के पास पहाड़ी धंसने से हाईवे लगभग पांच घंटे और मैगल के समीप ल्हासा गिरने से हाईवे लगभग चार घंटे बंद रहा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुबह आठ बजे तक दोनों स्थानों पर मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया। सुरक्षा की दृष्टि से नेशनल हाईवे मंडी-पठानकोट विशेष महत्व रखता है। बरसात के दिनों में भारतीय सेना के वाहन इसी मार्ग से होते हुए अपनी रसद सीमाओं को ले जाते हैं। शनिवार रात करीब तीन बजे उरला के पास बारिश के पानी के साथ मलबा सड़क पर आने से मार्ग बंद हो गया। यात्रियों को वर्षा के बीच वाहनों के भीतर दुबक कर रहना पड़ा। मैगल के पास भी ल्हासा गिरने से दर्जनों वाहन जाम में फंसे रहे। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता केके ठाकुर ने उरला और मैगल के पास चट्टान खिसकने से एनएच बंद हो गया है। सुबह आठ बजे हाईवे को बहाल कर दिया गया।
