
बिलासपुर। भाजपा का अलविदा कह हिलोपा के गठन में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व विधायक एवं हिलोपा के उपाध्यक्ष खुशी राम बालनाहटा ने कांग्रेस और भाजपा की घेराबंदी कर दी है। सांसद अनुराग ठाकुर के नेतृत्व वाली एचपीसीए को एक धोखा करार दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को ठगा जा रहा है। हिमाचल टीम में चार बाहरी राज्य के खिलाड़ी डाले गए हैं। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
बिलासपुर में पत्रकारो को संबाेंधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुआ फोन टैपिंग प्रकरण संवेदनशील मामला है। बावजूद इसके कांग्रेस सरकार गंभीर नहीं। हिलोपा ने इसकी सूची मांगी है। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में जिन लोगों के फोन टेप किए गए हैं उनकी सूची जारी होनी चाहिए। हिलोपा ने प्रदेश की वर्तमान सरकार पर भी आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर प्रदेश की वर्तमान सरकार भी गंभीर नहीं दिख रही है। बालनाहटा ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार घोटालों की सरकार रही है। वर्तमान सरकार भी भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने मांग की है कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व सरकार के कार्यकाल में करीब 1600 लोगों के फोन टेप किए गए। जो नियमों के खिलाफ है। पूर्व सरकार ने राईट टू प्राइवेसी के अधिकार की अवहेलना की है। इस कारण आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में निजी विश्वविद्यालयों को करीब छह सौ बीघा जमीन दी। प्रदेश विश्वविद्यालय करीब 50 बीघा जमीन में चल रहा है। इस दौरान पूर्व विधायक कर्मदेव धर्माणी, प्रदेश सचिव टिक्कू ठाकुर, युवा विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कश्मीर जम्वाल, जिला अध्यक्ष दौलत राम शर्मा, प्रवक्ता केश पठानिया, डा. देवीराम, बृजलाल शर्मा मौजूद थे।
