त्रिलोकपुर में एनएच पर टला बड़ा हादसा

धर्मशाला/कोटला। घाटी में दो दिन से जारी मूसलाधार बारिश ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारी बारिश से जिले भर की सड़कें भी बारिश की मार झेल रही हैं। सड़कों पर ल्हासे गिरने का क्रम जारी है। वहीं, पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर त्रिलोकपुर के समीप रविवार को अचानक चट्टान दरकने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। नेशनल हाइवे पर चट्टान गिरने से करीब आधा घंटा वाहनों की आवाजाही बंद रही।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह एक निजी बस पठानकोट से कांगड़ा की तरफ जा रही थी। तभी रास्ते में त्रिलोकपुर-32 मील के पास अचानक चट्टान दरकने के बाद बस के अगले पहिये से जा टकराई। इससे बस दाहिनी तरफ घूम गई। इतने में ऊपर से दूसरी चट्टान गिरने से बस अनियंत्रित होकर पैरापिट के ऊपर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पैरापिट न होने की सूरत में बस सीधे खाई में जा सकती थी और बड़ा हादसा पेश आ सकता था। क्रेन मंगवाकर बस को वहां से हटाया गया। बताया जा रहा है कि बस में दो दर्जन से ज्यादा यात्री सफर कर रहे थे।

सड़कों पर गिरे ल्हासे
भारी बारिश से धर्मशाला में शिक्षा बोर्ड के नीचे, गगल में एयरपोर्ट के नीचे एनएच पर ल्हासा गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं भारी बारिश से गगल-धर्मशाला सड़क मार्ग का एक हिस्सा धंस गया। इससे पूरा दिन यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि लोनिवि ने सड़क को दुरुस्त करने की कोशिश की। लेकिन सड़क मार्ग पूरी तरह से बहाल नहीं हो पाया। इसके अलावा सुनेहत में एक रिहायशी मकान पर पेड़ गिर गया। इससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। रविवार को सारा दिन बारिश जारी रही। इसके अलावा देहरा व नूरपुर के इलाकों में सुबह के समय ही बारिश हुई। दोपहर बाद निचले इलाकों में मौसम साफ हो गया। लेकिन धर्मशाला, पालमपुर, कांगड़ा व बैजनाथ में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश जारी है। लगातार जारी बारिश से जिला भर के सड़क मार्गों को नुकसान पहुंचा है। जिला भर में दर्जनों संपर्क मार्ग ल्हासे गिरने से बंद पड़े हैं। वहीं लोनिवि के मुख्य अभियंता एसके चौधरी का कहना है कि दो दिन से जारी बारिश से सड़कों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं। लोनिवि कर्मी उन्हें बहाल करने में पूरी तरह से जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि रविवार के दिन भी अधिकतर कर्मचारी व अधिकारी ड्यूटी पर तैनात रहे।

Related posts