
शिमला। सेब सीजन में सड़कें बंद होने से सेब ढुलाई प्रभावित नहीं होगी। आपात स्थिति में सड़क बहाल करने के लिए हर पंद्रह किलोमीटर पर जेसीबी मशीनें तैनात रहेंगी। सड़कों की मौजूदा हालत को लेकर लोक निर्माण विभाग से रिपोर्ट तलब की है। उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने इसकी पुष्टि की है। बागवानों की साल भर की मेहनत सही सलामत मंडियों तक पहुंचे, इसके लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता व्यवस्था का दावा किया है।
उपायुक्त के अनुसार सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही जेसीबी मशीनों को प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना कर दिया जाएगा। सड़कों की मौजूदा स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग से रिपोर्ट भी तलब की है। रिपोर्ट में विभाग को बताना है कि सेब बाहुल्य क्षेत्रों में कितने किलोमीटर सड़क कच्ची है, कितनी पक्की, कौन से प्वाइंट भूस्खलन के नजरिये से संवेदनशील हैं और यदि सड़क बंद होती है तो उस स्थिति में कितने समय के भीतर सड़क को यातायात केलिए बहाल किया जा सकता है। बाकायदा सेब बेल्ट का सर्वे करवाकर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
————————————
सड़क बंद होने से नहीं रुकेगा सेब : मल्होत्रा
सेब सीजन के दौरान सड़क बंद होने के कारण सेब ढुलाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। सेब उत्पादक क्षेत्रों में हर 15 किलोमीटर पर जेसीबी मशीनें तैनात करने के निर्देश दिए हैं। सड़कों की स्थिति को लेकर सर्वे के माध्यम से भी रिपोर्ट मांगी गई है।
दिनेश मल्होत्रा
उपायुक्त, शिमला।
