जिले में बारिश से 28 सड़कें बंद

मंडी। जिले में भारी बारिश के चलते जनजीवन ठहर सा गया है। शनिवार सुबह हुई बारिश से जिले की करीब डेढ़ दर्जन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रुक गई है। जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। नदी-नाले भी उफान पर हैं। ब्यास नदी और सुकेती खड्ड का जलस्तर बढ़ गया है। इधर, सराजघाटी में चैलचौक-जंजैहली मार्ग पर अभी यातायात बहाल नहीं हुआ है। जिससे लाखों की सब्जी किसानों के खेतों में सड़ गई है। वहीं, कल्हणी मार्ग केवल छोटे वाहनों के लिए ही बहाल हो पाया है। जिससे घाटीहाड़ क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों में रुकी पड़ी सब्जियां मंडियों तक पहुंचने लगी हैं, मगर इन पंचायतों में भी 60 फीसदी नकदी फसल तबाह हो चुकी है। शनिवार सुबह हुई बारिश से चौहारघाटी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क घटासनी-बरोट ल्हासे गिरने से अवरुद्ध हो गई, जिससे दर्जनों छोटे-बड़े वाहन रुके पड़े हैं। इसके अलावा चुक्कू-पधर, रोपा- बल्ह रूटों पर भी वाहनों की आवाजाही बंद है। जिससे इन क्षेत्रों में नकदी फसलें मंडियों तक नहीं पहुंच रही हैं। धर्मपुर क्षेत्र की करीब आधा दर्जन सड़कें बंद पड़ी हैं। सराजघाटी की मुख्य सड़क चैलचौक-जंजैहली पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खुली है। हालांकि, घाटीहाड़ क्षेत्र के किसानों को कल्हणी मार्ग छोटे वाहनों के लिए खुल जाने से थोड़ी राहत मिली है। शिवा थाना के नोख सिंह ने बताया कि अब छोटे वाहनों पर लोग अपनी नकदी फसलों फुलगोभी, पत्ता गोभी और मटर को मंडियों तक पहुंचाने लगे हैं। मगर समय पर यातायात सुविधा न मिलने की वजह से करीब 60 फीसदी फसल खेतों में ही सड़ गई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि किसानों को उनकी फसलों का मुआवजा प्रदान कर राहत दी जाए। वहीं बारिश से मंडी डिपो की छह बसें अवरुद्ध मार्गों के बीच फंस गई हैं। इस बीच समराहण के पास स्लाइडिंग से कोटली सड़क भी बंद हो गई। इधर, आरएम मंडी रघुवीर सिंह ने बताया कि थुनाग-बगस्याड़ सड़क के बीच 4 बसें, बरोट मार्ग पर एक तथा एक बस जंजैहली में फंसी पड़ी है। इससे करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। प्रभावित मार्गों के बीच फंसी बसों को संभव दूरियों तक चलाया जा रहा है। यह तब तक ही होगा, जब तक गाड़ियाें में ईंधन है।

धर्मपुर में दर्जनों संपर्क मार्ग बाधित
सरकाघाट-जोगिंद्रनगर सड़क रही पांच घंटे बंद
धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण सरकाघाट-जोगिंद्रनगर मुख्यमार्ग पांच घंटे बंद रहा। जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के कारण मुख्यमार्ग सरकाघाट-जोगिंद्रनगर कांढापतन के पास पहाड़ी धंसने के कारण बाधित हो गया। इसके साथ ही क्षेत्र में कई संपर्क मार्ग भी बाधित हुए। धर्मपुर से पैहड़ वाया कौंसल, धर्मपुर से बरोटी वाया कांढापतन, धर्मपुर से बरोटी वाया सरसकान, धर्मपुर से झरेड़ा, धर्मपुर से मठी बनवार, धर्मपुर से सतरेहड़, धर्मपुर से परयाल, धर्मपुर से ध्वाली वाया बरडाना, धर्मपुर से कलस्वाई, धर्मपुर से फिहड़, धर्मपुर से बिंगा, धर्मपुर से शेरपुर वाया खांबर, धर्मपुर से गवैला, धर्मपुर से छेजकनूही, धर्मपुर से नेरी चतरोण, अपर धलारा, धर्मपुर से भूर, धर्मपुर से कमलाह, धर्मपुर से हयूण नलयाण, धर्मपुर से कोट, धर्मपुर से भदरेहड़, धर्मपुर से कमलाह ब्रैहल, धर्मपुर से दवरोट बल्याणा, धर्मपुर से झिंडुधार इत्यादि दर्जनों संपर्क मार्ग बाधित हुए। इधर, लोनिवि मंडल धर्मपुर के अधिशासी अभियंता अनिल संगराय का कहना है कि सरकाघाट-जोगिंद्रनगर मार्ग को करीब बारह बजे यातायात के लिए बहाल कर दिया है, जो संपर्क मार्ग बाधित हुए हैं, उन्हें मौसम खुलते ही ठीक कर दिया जाएगा ।

Related posts