
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट में लोनिवि के एक मजदूर ने 11 वर्षीय स्कूली छात्रा की अस्मत लूटने का प्रयास किया। लड़की किसी तरह उसके चंगुल से बच निकली। लड़की को घर से उसकी मां ने दूध लाने के लिए भेजा था। वह बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बहशी वहां आ धमका। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक एक बस में लड़की की नानी ने दूध भेजा था। इसे लेने के लिए नाबालिग गैहरा नाला के पास बस का इंतजार कर रही थी। इस बीच आरोपी अपने एक दोस्त के साथ बाइक में वहां आया। उसका दोस्त बाइक लेकर आगे निकल गया। इसके बाद आरोपी बारिश आने का बहाना बनाकर नाबालिग को पास ही एक खंडहर के कमरे में खड़े होने की बात कर ले गया। खंडहर में पहुंचते ही उसने नाबालिग के साथ दुराचार करने की कोशिश की। आरोपी ने नाबालिग के हाथ से उसका मोबाइल भी छीन लिया।
किसी तरह छात्रा उसके चंगुल से बच निकली तथा सड़क पर आकर सहायता के लिए चिल्लाने लगी। तभी एक व्यक्ति ने उससे घटना की जानकारी मांगी तो उसने सारी आपबीती सुना दी। इसके बाद आसपास से इकट्ठा हुए लोगों ने आरोपी को पकड़ कर उसकी धुनाई कर डाली। पुलिस ने आरोपी नरेश कुमार (32) निवासी रोहन को हिरासत में ले लिया है। आरोपी लोनिवि में मजदूर का काम करता है।
इधर, डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि लड़की की मां की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। आरोपी के खिलाफ भादसं की धारा 376, 511 एवं बाल यौन शोषण एक्ट की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
