अनावश्यक घर से बाहर न निकलें लोग

धर्मशाला। कांगड़ा घाटी में शनिवार को भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। शनिवार सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश से यातायात भी प्रभावित हुआ। धर्मशाला में भारी बारिश से सड़कों पर इतना पानी भर गया कि वाहन चालकों को अपने वाहन रोकने पड़े। सड़कों पर वाहनों की कतारें लग गईं। वहीं भारी बारिश से पालमपुर के पंचरुखी में एक स्लेटपोश मकान गिर गया। इससे एक लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान होने की आशंका है। वहीं उपायुक्त कांगड़ा सी पालरासू का कहना है कि भारी बारिश के चलते पूरे जिला में अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
शनिवार को हुई जोरदार बारिश से जिला भर में सड़क मार्गों पर ल्हासे व पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में मशक्कत का सामना करना पड़ा। सकोह-धर्मशाला तथा पठानकोट-मंडी एनएच पर गगल के पास कुठमां में सड़क मार्ग पर ल्हासे व पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि लोक निर्माण विभाग की मशीनरी व कर्र्मचारियों ने मार्ग को बहाल करने का कार्य जारी रखा। इसके अलावा ज्वालामुखी के पठियार में भी बारिश से एक मकान की दीवार गिर गई, जिससे पूरे घर को खतरा बन आया है।

बिनवानगर कटा शेष जिला से
भारी बारिश के चलते शनिवार सुबह बैजनाथ का बिनवा नगर शेष शहर से कट गया। बिनवा नगर के लिए जाने वाले मार्ग में स्थानीय खड्ड पर पुल न होने के चलते सुबह इलाके में बस नहीं जा पाई। क्योंकि बारिश के बाद बिनवा खड्ड उफान पर थी। इसके चलते बिनवा नगर का कोई भी व्यक्ति उतराला (बैजनाथ) की ओर नहीं आ पाया। हालांकि शाम को बारिश थमने के बाद बिनवानगर को खड्ड में से बस सेवा शुरू हो गई।

Related posts