
सोलन। कालेज के एनएसयूआई के अध्यक्ष समेत तीन लोगों पर मारपीट के आरोपों के तहत थाना सदर में मुकदमा कायम किया गया है। बस टाइमिंग को लेकर छिड़े विवाद के बाद एक बस परिचालक की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। बस बासाधार से सोलन आ रही थी। पुलिस अधीक्षक सोलन डा रमेश छाजटा ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस थाना सोलन के तहत नीरज कुमार पुत्र राकेश ठाकुर गांव ध्रोटी डाकघर राजगढ़ जिला सिरमौर ने दर्ज शिकायत में कहा है कि वह बस नंबर एचपी 14-2185 में बतौर परिचालक कार्यरत है। वह बस लेकर बासाधर से सोलन आ रहा था। सुबह 7:50 पर बस की सवारियां लेकर नेरीपुल पहुंचे। समय बस नंबर एचपी 64-4597 भगनाल कोच पुलवाहल से सोलन आ रही थी। जिसका नेरीपुल से चलने का समय 07.35 बजे का है। शामती पहुंचने पर वह इनकी बस से आगे निकल गया। जब यह नया बस स्टैंड सोलन पहुंचे तो एक गाड़ी इनकी बस के आगे खड़ी हुई। जिसने बस को आगे जाने से रोक लिया। उस गाड़ी में अनिल भगनाल, मनीष भगनाल, विजेंद्र उतर कर बस के अंदर घुसे तथा चालक व इसके साथ मारपीट की। पुलिस अधीक्षक सोलन डा रमेश छाजटा ने कहा कि मारपीट के आरोप में अनिल भगनाल, मनीष भगनाल, विजेंद्र के खिलाफ धारा 341, 323, 504, 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
विरोधी छात्र संगठन रच रहे षड़यंत्र
सोलन। एएससीए अध्यक्ष मनीष भगनाल ने कहा कि उनकी साफ और निष्ठवान छवि को अन्य छात्र संगठन धूमिल करने के प्रयास में है। इस बार सोलन कालेज में एनएसयूआई की स्थिति मजबूत है। वहीं बतौर एससीए अध्यक्ष छात्र हित के लिए किए गए कार्यों का सोलन कालेज गवाह है। विरोधी संगठन उनकी छवि को बिगाड़कर राजनीति करना चाहते हैं। इस मकसद में वे कभी कामयाब नहीं होंगे। छात्र शक्ति उनके साथ है। ऐसे झूठे मुकदमे से उनकी छात्र हित में काम करने का जज्बा कम नहीं होगा।
