
रिकांगपिओ (किन्नौर)। क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने कहा कि जिले में भारी बारिश और बर्फबारी से 20 से 25 गांवों को क्षति पहुंची है और 600 परिवार प्रभावित हुए हैं। वीरवार को भावावैली के यांग्पा-एक के दौरे पर पहुंचे विधायक ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार विस्थापितों की हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में लोगों के मरने पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि किन्नौर में ऐसी प्राकृतिक आपदा पहले कभी नहीं आई थी। जिलेभर में सड़कों और फसलों को भारी नुकसान होने के बावजूद विभागों ने बेहतर कार्य करके जनजीवन को पटरी पर लाने का प्रयास किया है। जिले की अधिकांश सड़कें यातायात के लिए बहाल कर दी गई हैं। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा हुई है। कड़छम-सांगला मुख्य सड़क की बहाली का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है। पहाड़ी से बार-बार पत्थर गिरने के कारण काम जरूर प्रभावित हो रहा है, लेकिन इस सड़क को जल्द बहाल कर दिया जाएगा।
उन्होंने इस दौरे में यांग्पा-एक में भारी बारिश से विस्थापित हुए 19 परिवारों को फौरी राहत के तौर पर चार-चार कंबल तथा एक-एक तिरपाल भी दिए। यहां विस्थापित हुए 21 और परिवारों को प्रशासन पहले ही फौरी राहत दे चुका है। उन्होंने कटगांव से लेकर यांग्पा तक लोगों की समस्याएं भी सुनीं और लोगों को आश्वस्त किया कि हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर पीतांबर नेगी, राजकुमार समेत उपमंडलाधिकारी निचार सुदेश कुमार मोक्टा भी मौजूद रहे।
