
शिमला। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज प्रशासन ने परिसर में धरने प्रदर्शन, रैलियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। परिसर में लगे सभी कैमरों को ऑन कर हर आने जाने वाले की रिकार्डिंग भी शुरू कर दी गई है। पुलिस की मदद से परिसर से सभी छात्र संगठनों के बैनर और होर्डिंग्स हटवा दिए गए हैं।
प्राचार्य ने इस फैसले से पूर्व तीनों छात्र संगठनों के नेताओं से बैठक कर अवगत करवा दिया था। परिसर के दोनों गेट पर आई कार्ड चेकिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्राचार्य डा. जेएस नेगी ने परिसर में धरने प्रदर्शन, रैलियों के साथ ही बाहरी छात्रों के परिसर में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि उनका यह फैसला पूरी तरह से सभी छात्र संगठनों पर लागू किया जाएगा। उन्होंने छात्र संगठनों से अपील की कि वे कॉलेज प्रशासन का सहयोग करें।
—–संजौली कॉलेज में शिक्षकों-छात्रों में धक्कामुक्की
परिसर से एसएफआई के बैनर, होर्डिंग्स हटाने पर हुआ विवाद
शिमला। संजौली कॉलेज में बुधवार सुबह करीब दस बजे एसएफआई कार्यकर्ताओं और शिक्षकों के बीच बहस के बाद धक्कामुक्की हो गई। एसएफआई के परिसर से हटाए गए बैनर, होर्डिंग्स हटाने को लेकर संगठन कार्यकर्ता रैली कर रहे थे। शिक्षकों ने इससे रोका तो धक्कामुक्की हो गई। कॉलेज प्राचार्य डा. जेएस नेगी ने पुलिस को भी शिकायत की है।
उधर एसएफआई के इकाई सचिव अक्षय शर्मा का कहना है कि परिसर से सिर्फ एसएफआई के होर्डिंग और बैनर हटाए गए। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। प्राचार्य डा. नेगी का कहना है कि परिसर से सभी के होर्डिंग बैनर हटाए गए हैं। बुधवार सुबह रैली करने से रोकने पर कॉलेज के कर्मियों को हल्की चोटें भी आई हैं। उन्होंने चेताया कि परिसर में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
