
मंडी। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत सेमेस्टर आधार पर परीक्षाएं होनी हैं और अभी तक छात्रों के माइनर विषय भी नहीं भरे गए हैं। इस बीच रूसा की खामियाें पर छात्र संगठन तलख हैं। सुचारु रूप से कक्षाएं न चल पाने पर विद्यार्थी परिषद बिफर गई है। परिषद ने बुधवार से रूसा के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत कर दी है। परिषद का कहना है कि रूसा में कई खामियां हैं, जिनमें सुधार लाना आवश्यक है।
विद्यार्थी परिषद इकाई अध्यक्ष योगेश कुमार ने कहा कि रूसा के चलते हो रही देरी सही नहीं है। इससे छात्रों को मुश्किलाें का सामना करना पड़ सकता है। इकाई अध्यक्ष का कहना है कि हर वर्ष एक जुलाई से प्रथम वर्ष की कक्षाएं सुचारु रूप में शुरू हो जाती थीं, लेकिन इस बार अभी तक प्रथम वर्ष की कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। जबकि एग्जाम हर छह माह के बाद सेमेस्टर आधार पर होने हैं। विश्वविद्यालय को रूसा में रह गई त्रुटियों पर जल्द सुधार लाना होगा। यह प्रदेश के हजारों छात्राें के भविष्य का सवाल है। अभी तक न तो विद्यार्थियाें के माइनर विषय ही भरे गए हैं और न ही कक्षाओं की समयसारिणी बन पाई है। इससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थी परिषद ने माइनर विषयों को जल्द से जल्द भरकर कक्षाएं सुचारु रूप से चलाने की मांग की है।
