
चंबा। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य लटकाने वाले ठेकेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसकी कड़ी में लोनिवि के चंबा मंडल ने दो ठेकेदारों पर 29 लाख रुपये की पेनल्टी ठोकी है। लंबे अरसे तक काम लटकाने पर इन ठेकेदारों को विभागीय कार्यवाही का सामना करना पड़ा है। पेनल्टी की गाज गिरने के साथ ठेकेदारों को लटके हुए कार्यों को निर्धारित अवधि के भीतर पूर्ण करने के आदेश दिए गए हैं। उधर, पेनल्टी के नोटिस जारी होते ही ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है। विभाग अन्य ठेकेदारों पर भी कार्यवाही करने के मूड़ में दिख रहा है। अगर विभाग के निर्देशानुसार ठेकेदार कार्य नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ विभाग के नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाएगा। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आठ किलोमीटर लंबे बकाणी-कलवाड़ा मार्ग का कार्य लटकाने वाले ठेकेदार को पेनल्टी ठोकी गई है। दो करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क का निमार्ण कार्य करीब दो साल से अधर में लटका हुआ है। इस कार्य को करवा रहे ठेकेदार को 27 लाख रुपये की पेनल्टी विभाग ने ठोकी है। सड़क निर्माण कार्य ठेकेदार को वर्ष 2009 में आवंटित किया गया था। वहीं, 23 लाख की लागत से बनने वाले पुलिस क्वार्टरों का काम लटकाने वाले ठेकेदार पर भी लोक निर्माण विभाग ने दो लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है। दोनों ठेकेदारों को विभाग ने नियमानुसार निर्धारित अवधि के भीतर कार्य करने के आदेश दिए हैं।
कोट
काम लटकाने वाले दो ठेकेदारों को 29 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई गई है। विभागीय कार्य लटकाने वाले किसी भी ठेकेदारों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा ठेकेदारों को पेंडिंग पड़े कार्यों को जल्द पूरा करने के आदेश दिए गए हैं।
-एमके मिन्हास, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल
